X
X

Fact Check: ट्रेन के गेट पर खड़े यात्री पर तेंदुए के हमले का वायरल वीडियो है फेक, AI का किया गया इस्तेमाल

वीडियो को एआई टूल की मदद से तैयार करके झूठ फैलाया जा रहा है। देश में कहीं भी ऐसी कोई घटना नहीं घटी है, जिसमें तेंदुए ने किसी ट्रेन के यात्री पर हमला किया हो।

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। पिछले कुछ महीनों से सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो की भरमार हो गई है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल का इस्‍तेमाल करते हुए जंगली जानवरों को इंसानों पर हमला करते हुए दिखाया गया। अब एक बार फिर से एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है। 32 सेकंड के इस वीडियो में एक तेंदुए को ट्रेन के साथ दौड़ते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के अंत में यह तेंदुआ ट्रेन के गेट पर खड़े एक यात्री पर हमला भी कर देता है। इस वीडियो को सच मानकर कई यूजर्स इसे वायरल कर रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। वीडियो को एआई टूल की मदद से तैयार करके झूठ फैलाया जा रहा है। देश में कहीं भी ऐसी कोई घटना नहीं घटी है, जिसमें तेंदुए ने किसी ट्रेन के यात्री पर हमला किया हो।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर दिलीप कुमार ने 28 दिसंबर 2025 को एक वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया, “ट्रेन में सफर करने वाले के लिए चलती ट्रेन में जंगली शेर का आतंक एक आदमी को ट्रेन से खींच ले गया।

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। वायरल वीडियो के आर्काइव लिंक को यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो की सच्‍चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। कीवर्ड के जरिए सर्च करने पर हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो इस बात की पुष्टि कर सके कि देश में कहीं किसी तेंदुए ने ट्रेन यात्री पर हमला किया हो।

जांच को आगे बढ़ाते हुए एआई जेनरेटेड कंटेंट की पहचान करने वाले टूल्‍स का इस्‍तेमाल किया। साइट इंजन टूल की मदद से चेक करने पर वीडियो के स्क्रीनशॉट को एआई निर्मित होने की संभावना जताई गई। इस टूल ने 63 फीसदी संभावना जताई।

इसी तरह हमने दूसरे टूल हाइव मॉडरेशन पर भी इस वीडियो को चेक किया । इसने भी 50 फीसदी से ज्‍यादा संभावना इस बात की जताई की वायरल वीडियो एआई निर्मित हो सकता है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने एक और टूल aurigin.ai टूल का इस्‍तेमाल किया। वीडियो को इस पर अपलोड करके सर्च करने पर नतीजों में बताया गया कि वायरल वीडियो एआई जेनरेटेड हो सकता है।

विश्‍वास न्‍यूज ने अधिक जानकारी के लिए एआई एक्‍सपर्ट एसके साहिद से संपर्क किया। उनके साथ वायरल वीडियो को साझा किया। उन्‍होंने बताया कि यदि वीडियो को ध्‍यान से देखा जाए तो तेंदुए के मूवमेंट से साफ पता चल रहा है कि यह फर्जी है। इसे एआई टूल की मदद से जेनरेट किया गया है। इसमें सच्‍चाई नहीं है।

विश्‍वास न्‍यूज पहले भी ऐसे कई वीडियो की जांच कर चुका है, जिसे एआई से बनाकर झूठ फैलाने के मकसद से वायरल किया गया। इनकी फैक्‍ट चेक रिपोर्ट नीचे पढ़ी जा सकती है।

पड़ताल के अंत में हमने फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की। पता चला कि दिलीप कुमार नाम का यह यूजर लखनऊ का रहने वाला है। इसे 33 हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो फर्जी साबित हुआ। एआई की मदद से वीडियो को तैयार करके झूठ फैलाया जा रहा है।

  • Claim Review : तेंदुए ने किया ट्रेन पर हमला
  • Claimed By : FB User Dileep Kumar
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later