X
X

Fact Check: आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर नहीं लगाया एक साल का प्रतिबंध, वायरल प्रेस नोट फर्जी है

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि आईसीसी द्वारा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर एक साल के प्रतिबंध का दावा फर्जी है। वायरल हो रही मीडिया रिलीज एडिट की गई है। आईसीसी ने ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक कथित प्रेस रिलीज की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर एक साल का कड़ा प्रतिबंध लगा दिया है। वायरल पोस्ट के अनुसार, इस प्रतिबंध के तहत पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को भी एक साल के लिए सस्पेंड कर दिया गया है और पाकिस्तान का आईसीसी राजस्व (Revenue) हिस्सा 5.75% से घटाकर 2.25% कर दिया गया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत हैं। आईसीसी ने पाकिस्तान पर किसी भी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाया है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Manish Choudhary‘ ने 3 फरवरी 2026 को एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें आईसीसी के लेटरहेड पर एक मीडिया रिलीज दिखाई दे रही है। इसमें लिखा है-

“आईसीसी बोर्ड सदस्यों की बैठक में 14-2 के बहुमत से पाकिस्तान को एक साल के लिए बैन कर दिया गया है। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को भी एक साल के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। आईसीसी राजस्व (Revenue) में पाकिस्तान का हिस्सा 5.75% से घटाकर 2.25% कर दिया गया है। पाकिस्तान साल 2040 तक किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी नहीं कर पाएगा।” पोस्ट में नीचे आईसीसी अध्‍यक्ष जय शाह का हस्ताक्षर भी देखा जा सकता है।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले आईसीसी की आधिकारिक वेबसाइट को खंगाला। हमें वहां ऐसी कोई घोषणा नहीं मिली जिसमें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर प्रतिबंध की बात कही गई हो।

पड़ताल के दौरान हमें 2026 टी20 वर्ल्ड कप से जुड़ी आईसीसी की असली मीडिया रिलीज मिली, जिसे 1 फरवरी 2026 को रिलीज किया गया था। वायरल हो रही तस्वीर इसी असली रिलीज का एडिटेड वर्जन है। असली बयान में कहीं भी ‘बैन’ या ‘PSL के निलंबन’ का जिक्र नहीं है। हालांकि, इस असली रिलीज में 7 फरवरी 2026 से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के चुनिंदा मैचों को खेलने की घोषणा को लेकर चिंता जताई गई थी। इस रिलीज़ में आईसीसी ने पाकिस्तान सरकार के उस फैसले पर चिंता जताई थी, जिसमें उन्होंने अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के कुछ चुनिंदा मैचों में खेलने के निर्देश दिए थे। आईसीसी ने कहा कि ‘चुनिंदा भागीदारी’ खेल की अखंडता और वैश्विक भावना के खिलाफ है। आईसीसी ने इसके दूरगामी परिणामों और वैश्विक क्रिकेट इकोसिस्टम पर पड़ने वाले असर पर पीसीबी को विचार करने को कहा था।

दैनिक जागरण की 5 फरवरी की खबर के अनुसार, ”टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाक मुकाबले का पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में बायकॉट करने का फैसला किया है। दरअसल, भारत में खेलने से इनकार करने पर ICC ने बांग्लादेश को हटाकर स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया था, जिसे पाकिस्तान गलत मान रहा है। इस बीच PCB के पूर्व चेयरमैन नजम सेठी ने कहा कि स्थिति को अभी भी संभाला जा सकता है और बांग्लादेश को श्रीलंका में खेलने के लिए मनाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि समझदारी से काम लिया जाएगा क्योंकि पूरी दुनिया इस हाई-वोल्टेज मैच का इंतज़ार कर रही है।”

अधिक जानकारी के लिए हमने क्रिकेट विशेषज्ञ और ESPN कमेंटेटर सैयद हुसैन से संपर्क किया। उन्होंने स्पष्ट किया, “पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर आईसीसी द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने की खबरें पूरी तरह से फर्जी हैं। पीसीबी और आईसीसी के बीचटी 20 वर्ल्ड कप के आयोजन को लेकर बातचीत और विवाद चल रहा है, लेकिन प्रतिबंध जैसा कोई कदम नहीं उठाया गया है। सोशल मीडिया पर घूम रही मीडिया रिलीज फेक है।”

वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर Manish Choudhary को फेसबुक पर 500 से अधिक यूजर फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि आईसीसी द्वारा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर एक साल के प्रतिबंध का दावा फर्जी है। वायरल हो रही मीडिया रिलीज एडिट की गई है। आईसीसी ने ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की है।

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later