X
X

Fact Check: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम मंच पर कांग्रेस विधायक ने किया था हंगामा, भाजपा नेता ने नहीं

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आयोजित जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में सीएम पुष्कर धामी के कार्यक्रम के बाद कांग्रेस विधायक हरीश धामी को मंच से बोलने का अवसर नहीं मिला था। इसके बाद उन्होंने वहां हंगामा किया था। उस घटना के वीडियो को भाजपा नेता का बताकर वायरल किया जा रहा है।

Uttarakhand Viral Video, Uttarakhand CM Viral Video, Uttarakhand Congress MLA, Uttarakhand BJP Leader, Uttarakhand News

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। साल 2027 में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। उत्तराखंड से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स को मंच पर तोड़फोड़ करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि एक भाजपा नेता ने अपने ही मुख्यमंत्री के कार्यक्रम मंच पर हंगामा किया।

विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की तो पता चला कि यह वीडियो उत्तराखंड के पिथौरागढ़ का है, जहां ‘जौलजीबी मेले’ के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बाद संबोधन का अवसर नहीं मिलने पर स्थानीय कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने हंगामा किया था। उस वीडियो को भाजपा नेता का बताकर अब गलत दावा किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

यूपी के पूर्व मंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आईपी सिंह ने अपने एक्स अकाउंट पर 14 नवंबर 2026 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “बीजेपी के अंदर मुख्यमंत्री के मंच पर जूतमपैजार शुरू हो गया है। बीजेपी अपने अंत की ओर जा रही है।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। ‘ईटीवी भारत‘ की वेबसाइट पर वीडियो से संबंधित खबर छपी है। 14 नवंबर 2026 को प्रकाशित इस खबर में घटना के वीडियो और कीफ्रेम्स देखे जा सकते हैं। खबर के अनुसार, मामला उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले का है। जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के बाद स्थानीय कांग्रेस विधायक हरीश धामी को मंच से बोलने का अवसर नहीं मिला। कांग्रेस विधायक जब संबोधन के लिए मंच पर पहुंचे तो उनका माइक बंद कर दिया गया, जिससे वह नाराज हो गए और उन्होंने जमकर हंगामा किया।

‘एएनआई’ के एक्स हैंडल से 15 नवंबर 2026 को इस वीडियो के बारे में जानकारी पोस्ट की गई थी, जिसमें वायरल वीडियो के कीफ्रेम का भी प्रयोग किया गया था। जानकारी के अनुसार, “पिथौरागढ़ में 14 नवंबर को जौलजीबी मेले में हुए हंगामे के बाद धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने कहा- एक 8 साल के बच्चे की जान चली गई है, फिर भी उन्हें कोई शर्म नहीं आ रही है। उल्टा वे इस बात का बखान कर रहे हैं कि उन्होंने लिपुलेख तक कितनी सुंदर सड़क बनाई है। क्या उन्हें यह कहते हुए जरा भी शर्म नहीं आई, जबकि ठीक एक दिन पहले ही वे उस बच्चे के घर जाकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताकर आए थे? हमें उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री कनाड़ के लोगों के लिए कोई ठोस कदम उठाएंगे, जो इस समय बिटौगढ़ में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं, और उन्हें अपना विरोध-प्रदर्शन खत्म करने के लिए मनाने हेतु कोई प्रतिनिधि भेजेंगे। हमें यह भी उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री का कोई प्रतिनिधि उस 8 साल के बच्चे के परिवार से मिलने जाएगा और यह स्वीकार करेगा कि यह सरकार की विफलता है, साथ ही यह सुनिश्चित करेगा कि भविष्य में इस सड़क पर किसी और बच्चे की जान न जाए। मुख्यमंत्री भाग रहे हैं और डरे हुए हैं, वे इसलिए डरे हुए हैं क्योंकि उन्होंने भ्रष्टाचार किया है। जहां तक मेरी बात है, मैं कभी भ्रष्टाचार या किसी गलत काम में शामिल नहीं रहा हूं, इसलिए मुझे किसी बात का डर नहीं है। मैं पूरी निडरता के साथ खड़ा हूं। मैंने आज मुख्यमंत्री से कहा है कि आपको जो कार्रवाई करनी है, कर लीजिए। आपने मुझे सालों से कानूनी मामलों में उलझा रखा है, एक और मामला दर्ज कर दीजिए, मैं उसे भी संभाल लूंगा। हमारे लिए हथकड़ियां गहनों की तरह हैं। मैंने पुष्कर धामी को सीधे चुनौती दी है कि अगर हिम्मत है, तो आज ही मेरे सामने उपचुनाव लड़कर दिखाएं। अगर मैंने आपकी जमानत जब्त नहीं करवा दी, तो मेरा नाम हरीश धामी नहीं।”

‘आजतक’ की वेबसाइट पर छपी 15 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, मेले में सीएम धामी के कार्यक्रम के बाद हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने धारचूला विधायक एवं मेला समिति के अध्यक्ष हरीश धामी समेत अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

इस बारे में हमने दैनिक जागरण, देहरादून के समाचार संपादक देवेंद्र सती से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि पिथौरागढ़ में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने माइक बंद किए जाने पर हंगामा किया था।

क्या है संदर्भ?

यूपी, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और पंजाब में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ‘आजतक’ की वेबसाइट पर 14 नवंबर 2026 को छपी एक रिपोर्ट में लिखा है, गोवा, पंजाब, उत्तराखंड और मणिपुर में विधानसभाओं का कार्यकाल मार्च 2027 तक पूरा हो जाएगा, जबकि यूपी में विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर सपा से जुड़े हैं और यूपी के मंत्री रह चुके हैं। नवंबर 2015 में बने इस एक्स अकाउंट को चार लाख 39 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आयोजित जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में सीएम पुष्कर धामी के कार्यक्रम के बाद कांग्रेस विधायक हरीश धामी को मंच से बोलने का अवसर नहीं मिला था। इसके बाद उन्होंने वहां हंगामा किया था। उस घटना के वीडियो को भाजपा नेता का बताकर वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : भाजपा नेता ने अपने ही मुख्यमंत्री के मंच पर हंगामा किया।
  • Claimed By : X User- IPSinghSp
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later