Fact Check: लोकसभा सांसद यूसुफ पठान के बीजेपी में शामिल होने की तस्वीर AI निर्मित
यूसुफ पठान के बीजेपी से जुड़ने की वायरल तस्वीर असल में एआई-निर्मित है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jun 18, 2026 at 03:19 PM
- Updated: Jun 18, 2026 at 05:19 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के हारने और राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से राजनीतिक हलचल मची हुई है। इस करारी हार के बाद पार्टी के कई नेता बागी हो गए हैं। इसी से जोड़कर पूर्व क्रिकेटर और बहरामपुर लोकसभा सीट से सांसद यूसुफ पठान की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। इस फोटो में यूसुफ पठान को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का गमछा पहने और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के साथ देखा जा सकता है। इस फोटो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर पठान के बीजेपी में शामिल होने की है।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इस तस्वीर की जांच की। यह फर्जी निकली। जेपी नड्डा के साथ नजर आ रहे यूसुफ पठान की यह वायरल तस्वीर एआई-निर्मित साबित हुई। इसे एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाया गया है। टीएमसी के 20 बागी नेताओं ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को एक पत्र लिख ‘नेशनल सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया’ (NCPI) में विलय होने की बात कही है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Mohd Anwar Dhadoli Khurd’ ने 16 जून 2026 को वायरल तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान के भाई यूसुफ पठान हुए भाजपा मे शामिल।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वायरल फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल तस्वीर से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से भी सर्च किया, लेकिन हमें वायरल दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।
हमने ‘यूसुफ पठान के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट को भी खंगाला। हमें वहां भी वायरल दावे से जुड़ी कोई पोस्ट नहीं मिली। ऐसे में हमें फोटो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने फोटो को एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से जांचना शुरू किया। हमने ‘isitai’ का इस्तेमाल किया और इस टूल ने फोटो के एआई से बने होने की करीब 99 फीसदी संभावना जताई।

हमने एक अन्य टूल ‘साइट इंजन’ की मदद से भी फोटो को जांचा । साइट इंजन के एनालिसिस में वायरल तस्वीर के 99 फीसदी तक एआई से बने होने के संकेत सामने आए।

तस्वीर को हमने तीसरे टूल ‘undetectable.ai’ की मदद से भी सर्च किया । इस टूल ने भी फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई टेक्नोलॉजी में काम कर रहे एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि तस्वीर में कई तरह की गड़बड़ियों को देखा जा सकता है। बीजेपी के गमछे के कुछ हिस्से आस-पास के कपड़ों और साथ अजीब तरह से घुलते-मिलते दिख रहे हैं। कुर्ते के कोलर पर भी नीला रंग मौजूद है। इस तरह की खामियां अक्सर एआई के इस्तेमाल से बनाई या छेड़छाड़ की गई तस्वीरों में होता है।
क्या है संदर्भ?
पश्चिम बंगाल में टीएमसी की हार के बाद पार्टी के 20 सांसद बागी हो गए। यूसुफ पठान समेत 20 सांसद पार्टी छोडकर त्रिपुरा की NCPI पार्टी में शामिल हो गए। न्यूज रिपोर्ट्स के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा से मिली करारी हार के बाद टीएमसी के 20 सांसद बागी हो गए। इनमें यूसुफ पठान का नाम भी शामिल है। इन नेताओं ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को एक पत्र सौंपा है। इस पत्र में ‘नेशनल सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया’ (NCPI) में सांसदों के विलय की बात कही गई है। पूरी रिपोर्ट को यहां, यहां और यहां पर पढ़ा जा सकता है।
यूसुफ पठान अगर पार्टी में शामिल हुए होते तो भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत करते। साल 2025 में नितिन नवीन को पार्टी के अध्यक्ष के तौर पर चुना गया था।
सोशल मीडिया पर जेपी नड्डा की मिलती-जुलती तस्वीर पहले भी अलग-एलग नेताओं के बीजेपी में शामिल होने के दावे से वायरल हो चुकी है। रिपोर्ट्स को यहां, यहां और यहां पर पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने फर्जी फोटो को शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को आठ हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को गुरुग्राम का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यूसुफ पठान के बीजेपी से जुड़ने की वायरल तस्वीर असल में एआई-निर्मित है।
- Claim Review : BJP में शामिल हुए तृणमूल सांसद यूसुफ पठान।
- Claimed By : FB User Mohd Anwar Dhadoli Khur
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












