Fact Check: रितेश देशमुख ने नहीं दिया गहने वाला बयान, फेक है वायरल पोस्ट
बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख के नाम से वायरल हो रही पोस्ट फेक है। रितेश ने अप्रत्यक्ष रूप से पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Dec 5, 2025 at 03:10 PM
- Updated: Dec 5, 2025 at 03:39 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख के नाम से एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें पीएम मोदी पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए रितेश ने कहा है, “जिस वक्त आप गहने चुराकर भागे थे, उस समय इंदिरा गांधी ने अपने गहने सेना को दे दिए थे।” कुछ यूजर्स इसे सच समझकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल पोस्ट में दी गई यूजर आईडी रितेश देशमुख के पैरोडी अकाउंट की है। रितेश ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। पीएम मोदी के बारे में वायरल हो चुकी एक फेक पोस्ट के हवाले से यह निशाना साधा गया है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर team_sushantyadav ने 30 नवंबर को एक पोस्टकार्ड शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “जिस वक्त आप गहने चुराकर भागे थे उस वक्त इन्दिरा जी ने अपने गहने सेना को दे दिये थे, इसलिये अनुरोध है हमको राष्ट्र भक्ति ना सिखायें।” नीचे @Deshmukh_0 यूजर आईडी दी गई है। पोस्टकार्ड पर रितेश देशमुख की फोटो लगी हुई है।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले पोस्ट में दी गई यूजर आईडी को चेक किया। एक्स पर हमें यह हैंडल मिला। इसका अकाउंट नेम ‘रितेश देशमुख (Parody)‘ है। इसके बायो में दिया गया है कि यह एक पैरोडी अकाउंट है और इसका रितेश देशमुख से कोई संबंध नहीं है।
हालांकि, एक्स एडवांस सर्च में हमें वायरल पोस्ट नहीं मिली, लेकिन इससे मिलते-जुलते कुछ अन्य पोस्ट जरूर मिले।
इसके बाद हमने गूगल पर कीवर्ड से इस बारे में सर्च किया कि क्या रितेश देशमुख ने ऐसा कोई बयान दिया है। हालांकि, सर्च में ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
हमने रितेश का एक्स अकाउंट चेक किया। इसकी यूजर आईडी @Riteishd है। हमने एक्स एडवांस सर्च से वायरल पोस्ट के बारे में इस पर भी चेक किया, लेकिन ऐसी कोई पोस्ट नहीं मिली।
हमें रितेश के फेसबुक और इंस्टा अकाउंट पर भी ऐसी कोई पोस्ट नहीं मिली।
इस बारे में हमने मुंबई में एंटरटेनमेंट के सीनियर जर्नलिस्ट पराग छापेकर से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि रितेश देशमुख ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
आपको बता दें कि पीएम मोदी को लेकर कुछ साल पहले अमर उजाला की फेक खबर की क्लिप वायरल हुई थी। इसमें प्रह्लाद मोदी के हवाले से पीएम मोदी पर गंभीर आरोप लगने का दावा किया गया था। बाद में जून 2016 में अमर उजाला ने इस खबर को फेक बताते हुए कहा था कि वहां ऐसी कोई खबर नहीं छपी है।

जांच के अंत में फेक पोस्ट करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के 11 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख के नाम से वायरल हो रही पोस्ट फेक है। रितेश ने अप्रत्यक्ष रूप से पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
- Claim Review : रितेश ने कहा है, "जिस वक्त आप गहने चुराकर भागे थे, उस समय इंदिरा गांधी ने अपने गहने सेना को दे दिए थे।"
- Claimed By : Insta User- team_sushantyadav
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












