Fact Check : एक्टर संजय मिश्रा के निधन की अफवाह उड़ाती यह पोस्ट FAKE है
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में संजय मिश्रा के निधन के दावे को फर्जी पाया। संजय मिश्रा के निधन से जुड़ी यह खबर महज अफवाह है। सोशल मीडिया पर गलत दावा शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: May 17, 2025 at 04:40 PM
- Updated: May 17, 2025 at 04:49 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर अक्सर सेलिब्रिटीज की मौत की फर्जी पोस्ट वायरल होती रहती हैं। इसी कड़ी में सोशल मीडिया पर बॉलीवुड के अभिनेता संजय मिश्रा से जुड़ा एक दावा वायरल हो रहा है, जिसमें कहा जा रहा है कि संजय मिश्रा का निधन हो गया है। इस अफवाह को सच मानते हुए कई सोशल मीडिया यूजर्स उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को फर्जी पाया। संजय मिश्रा के निधन से जुड़ी यह खबर महज अफवाह है। अभिनेता पूरी तरह से स्वस्थ हैं और उनकी मृत्यु की खबर झूठी है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
इंस्टाग्राम यूजर ‘_alone.stautas_’ ने (आर्काइव वर्जन ) 15 मई 2025 को एक पोस्ट को शेयर किया है। इसमें संजय मिश्रा की कई तस्वीरें मौजूद हैं। दावा किया गया है,“अब नहीं रहे हमारे बीच संजय मिश्रा सर संजय सर की आत्मा को शांति मिले !!Om shanti”

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने संजय मिश्रा के निधन के दावे को सच मानकर शेयर किया।
पड़ताल
पड़ताल की शुरुआत करते हुए हमने सबसे पहले गूगल ओपन सर्च का इस्तेमाल किया। अगर ऐसी किसी भी खबर में सच्चाई होती तो हमें इस बारे में कोई जानकारी जरूर मिलती। हालांकि, न्यूज़ सर्च किये जाने पर हमें किसी भी विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट पर इससे जुड़ी कोई खबर नहीं मिली।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने संजय मिश्रा के सोशल मीडिया हैंडल को चेक किया। हमें संजय मिश्रा के इंस्टाग्राम पर 16 मई 2025 को शेयर किए गए कई पोस्ट मिले। जिसमें उन्होंने अन्य कलाकारों के साथ एक फोटो शेयर की है और आने वाली फिल्म ‘धमाल 4’ के बारे में बताया। संजय मिश्रा की यह फिल्म 2026 में ईद के मौके पर रिलीज होगी।
आपको बता दें कि इंस्टाग्राम यूजर ने जो पोस्ट शेयर की है,वो 15 मई को की है, जबकि संजय मिश्रा ने अपने वेरिफाइड इंस्टाग्राम अकाउंट से अपनी आने फिल्मों को लेकर पोस्ट 16 मई को की है। जिससे साफ़ है कि वायरल दावा फर्जी है।
सर्च के दौरान हमें संजय मिश्रा से जुड़ी खबर दैनिक जागरण की वेबसाइट पर भी मिली। 16 मई 2025 को प्रकाशित खबर में फिल्म धमाल 4 ईद पर रिलीज होगी और इसकी पुष्टि करते हुए मेकर्स ने फिल्म के कलाकारों की एक तस्वीर शेयर की।
वायरल पोस्ट को लेकर हमने मुंबई में बॉलीवुड को कवर करने वालीं दैनिक जागरण की वरिष्ठ पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव से बातचीत की। उन्होंने संजय मिश्रा के निधन के दावे को फर्जी बताया है। उन्होंने कहा कि अभी उनकी फिल्म की शूटिंग मुंबई में चल रही है और संजय मिश्रा शूटिंग में व्यस्त हैं।
यह पहली बार नहीं है, जब किसी एक्टर के निधन से जुड़ी फर्जी खबर वायरल हुई। इससे पहले शाहरुख़ खान, मिथुन चक्रवर्ती, सलमान खान और सैफ अली खान को लेकर भी ऐसे दावे शेयर किए गए थे। जिनकी पड़ताल विश्वास न्यूज ने की है। विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर इन फैक्ट चेक्स रिपोर्ट्स को पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को 3,590 लोग इंस्टाग्राम पर फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को डिजिटल क्रिएटर बताया है। इस हैंडल पर कई फर्जी और भ्रामक दावे शेयर किए जाते रहे हैं। यूजर अपने फेसबुक पर लगातार फर्जी पोस्ट शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में संजय मिश्रा के निधन के दावे को फर्जी पाया। संजय मिश्रा के निधन से जुड़ी यह खबर महज अफवाह है। सोशल मीडिया पर गलत दावा शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : संजय मिश्रा का निधन हो गया है।
- Claimed By : इंस्टाग्राम यूजर -_alone.stautas_
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












