X
X

Fact Check : दो साल पहले हुआ था अतीक अहमद के बेटे का एनकाउंटर, अब वायरल हो रही है भ्रामक पोस्‍ट

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। पता चला कि अप्रैल 2023 में ही अतीक अहमद के बेटे असद का एनकाउटंर यूपी एसटीएफ के द्वारा किया गया था।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया में यूपी के माफिया अतीक अहमद के बेटे असद को लेकर एक पोस्‍ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि यूपी में असद का एनकाउंटर कर दिया गया है। एनकाउंटर को अभी का बताकर वायरल किया जा रहा है।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। पता चला कि अप्रैल 2023 में ही अतीक अहमद के बेटे असद का एनकाउटंर यूपी एसटीएफ के द्वारा किया गया था। दो साल पुरानी घटना को अभी का समझकर कई यूजर्स वायरल कर रहे हैं। हमारी जांच में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साबित हुई।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर दुर्गेश शर्मा ने 15 अप्रैल को एक पोस्‍ट करते हुए लिखा, “Big Breaking…अतीक अहमद का बेटा असद और शूटर गुलाम एनकाउंटर में ढेर। बाबा जी के राज में देर है अंधेर नहीं है।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट में किए गए दावे की सच्‍चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। इसके लिए कीवर्ड के माध्‍यम से सर्च किया। हमें आजतक की वेबसाइट पर एनकाउंटर से जुड़ी एक पुरानी खबर मिली। 13 अप्रैल 2023 को पब्लिश इस खबर में लिखा गया, “प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्‍याकांड में फरार चल रहा असद गुरुवार को झांसी में एसटीएफ की गोली का शिकार हो गया। यूपी एसटीएफ ने एनकाउंटर में ना सिर्फ माफिया अतीक अहमद के बेटे असद को मार गिराया, बल्कि इस कार्रवाई में उसके साथ शूटर मोहम्‍मद गुलाम भी ढेर हुआ।”

सर्च के दौरान जागरण डॉट कॉम पर भी एक खबर मिली। 14 अगस्‍त 2024 की इस खबर में बताया गया था कि असद और शूटर मोहम्मद गुलाम को एनकाउंटर में मारने वाले पुलिसकर्मियों को प्रेसिडेंट गैलेंट्री मेडल देने का एलान किया किया गया। खबर में आगे लिखा गया कि असद और गुलाम, उमेश पाल हत्याकांड में पांच लाख के इनामी थे। झांसी में 13 अप्रैल 2023 को असद और मोहम्मद गुलाम मुठभेड़ में मारे गए थे। उमेश पाल की हत्या हुई थी, तब असद सीसीटीवी में कैद हो गया था और वह पिछले करीब 50 दिनों से फरार था। पुलिस ने बताया कि असद और गुलाम पर 5-5 लाख रुपये का इनाम था और उन्होंने मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि जब एसटीएफ टीम ने उन्हें घेर लिया तो उन्होंने उन पर गोलियां चलाईं और पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दोनों लोग मारे गए।

पूरी खबर को विस्‍तार से यहां पढ़ा जा सकता है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, प्रयागराज के संपादकीय प्रभारी राकेश पांडेय से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि अतीक अहमद के बेटे का दो साल पहले एनकाउंटर हुआ था।

पड़ताल के अंत में भ्रामक पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की। पता चला कि दुर्गेश शर्मा नाम के यूजर को पांच हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर बाला घाट का रहने वाला है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साबित हुई। दो साल पहले हुए एनकाउंटर की खबर को अभी का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।

  • Claim Review : अतीक अहमद का बेटा असद और शूटर गुलाम एनकाउंटर में ढेर
  • Claimed By : FB User Durgesh Sharma
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later