X
X

Fact Check: गाजियाबाद में हुए विवाद के बाद वायरल हुए वीडियो में भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर नहीं हैं

गाजियाबाद की साहिबाबाद मंडी में दो पक्षों में विवाद हो गया था। घटना के दौरान विधायक नंद किशोर गुर्जर वहां मौजूद नहीं थे।

Nand Kishore Gurjar, Nand Kishore Gurjar viral video, Ghaziabad Viral Video, Ghaziabad News

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोगों को विवाद के बाद भागते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान एक शख्स वीडियो में कह रहा है कि नंद किशोर गुर्जर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि किसानों ने भाजपा विधायक की पिटाई कर दी है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो गाजियाबाद की साहिबाबाद मंडी में हुए बवाल का है। उस दौरान लोनी विधायक नंद किशोर वहां पर मौजूद नहीं थे। वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। नंद किशोर ने भी कहा ​​है कि वह उस समय लखनऊ सदन में थे।

वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर sunilparihar808 ने 11 अगस्त को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “ये बीजेपी का वही विधायक नंद किशोर गूजर है जो किसान आंदोलन के समय अपने गुंडों के साथ किसान क्रांति गेट पर किसानों को मारने के लिए पहुंचा था और आज उसी किसान ने इसे इसकी औकात दिखा दी। जैसी करनी वैसी भरनी“

वीडियो पर लिखा है, “यह भागने वाले बीजेपी विधायक नंद किशोर गुजर है, पासा पलट गया भगाने वाले किसान है“

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। 11 अगस्त को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक, “साहिबाबाद नवीन फल एवं सब्जी मंडी में एक बैठक के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान एक गुट के लोगों ने फायरिंग कर दी। इसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। बैठक में कांग्रेस नेता बिजेंद्र यादव पर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए भाषण देने का आरोप लगा है, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इस मामले में पुलिस ने हरीश चौधरी, उसके बेटे, दो भतीजों और 25 अज्ञात पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस विवाद के कुछ वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुए हैं।”

खबर में लिखा है, “फायरिंग के बाद मंडी परिसर में मौजूद व्यापारियों ने हरीश चौधरी पर पथराव कर दिया। हरीश चौधरी व उसके पक्ष के लोग भागते हुए कारों में सवार हुए और फरार हो गए। इस दौरान उनकी कारों में भी लोगों ने तोड़फोड़ की।”

इसमें यह भी लिखा है कि इस घटना को लेकर एक वीडियो जारी कर विधायक नंद किशोर से बदसलूकी की बात की जा रही है। इस मामले में विधायक का कहना है कि वह घटना के समय लखनऊ विधानसभा सत्र में मौजूद थे।

TV9 Uttar Pradesh के फेसबुक पेज पर 11 अगस्त को पोस्ट की गई वीडियो न्यूज में घटना के वीडियो को देखा जा सकता है।

नंद किशोर के एक्स हैंडल से 11 अगस्त को News Watch India के एक वीडियो को रिपोस्ट किया गया है। इसमें वह कह रहे हैं कि साहिबाबाद मंडी में हुई फायरिंग के दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो में उनका नाम लिया है। उनकी छवि को खराब करने के लिए ऐसा किया गया है। वह उस समय लखनऊ सदन में थे।

इस बारे में ट्रांस हिंडन क्षेत्र में दैनिक जागरण के रिपोर्टर राहुल कुमार का कहना है कि साहिबाबाद मंडी में हुए विवाद के दौरान विधायक नंद किशोर गुर्जर वहां मौजूद नहीं थे। उन्होंने वीडियो के माध्यम से अपना बयान भी जारी किया था।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 16 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: गाजियाबाद की साहिबाबाद मंडी में दो पक्षों में विवाद हो गया था। घटना के दौरान विधायक नंद किशोर गुर्जर वहां मौजूद नहीं थे।

  • Claim Review : किसानों ने भाजपा विधायक की पिटाई कर दी है।
  • Claimed By : Insta User- sunilparihar808
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later