Fact Check: दिल्ली के मेट्रो स्टेशन पर पीएम मोदी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन का वीडियो पुराना, स्वतंत्रता दिवस से कोई संबंध नहीं
दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते लोगों का वीडियो स्वतंत्रता दिवस 2026 का नहीं है। यह वीडियो जुलाई में हुए सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान का है। पुराने और असंबंधित वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Aug 17, 2026 at 05:03 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर दिल्ली के एक मेट्रो स्टेशन का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ लोगों को केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह 15 अगस्त 2026 का स्वतंत्रता दिवस के दिन का है। एक तरफ पीएम मोदी लाल किला से भाषण दे रहे थे, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग मेट्रो स्टेशन पर उनके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में यह वीडियो जुलाई 2026 में हुए ‘कॉकरोच जता पार्टी’ (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान का है। उस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर सरकार और पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी की थी।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Brijesh Chauhan’ ने 16 अगस्त 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “एक तरफ नरेंद्र मोदी लाल किले से भाषण दे रहे थे. उधर, दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर लोग मोदी के खिलाफ प्रदर्शन कर उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे। मोदी जी के अच्छे दिन ख़तम हो गए हैं अब!!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने ‘इनविड टूल’ की मदद से इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Arun Arora’ नाम के एक्स यूजर के अकाउंट पर मिला। वीडियो को 20 जुलाई 2026 को शेयर किया गया था। कैप्शन में मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो छात्रों के प्रदर्शन के दौरान का है।
हमें कई अन्य फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर यह वीडियो जुलाई 2026 में इसी जानकारी के साथ शेयर किया हुआ मिला।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से मिलता-जुलता एक वीडियो न्यूज एजेंसी ‘पीटीआई’ के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला। इसे 20 जुलाई 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, सीजेपी के प्रदर्शनकारी दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर पहुंच गए थे।
‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 20 जुलाई 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, ”कई प्रदर्शनकारियों ने राजीव चौक मेट्रो स्टेशन में घुसकर नारेबाजी की, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति हो गई। मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन के अंदर भी प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। इस हंगामे के बाद कई मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए ।”
अधिक जानकारी के लिए हमने दिल्ली दैनिक जागरण के रिपोर्टर शुजाउद्दीन देखी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो पुराना है। सीजेपी के प्रदर्शनकारी राजीव चौक मेट्रो स्टेशन में घुस गए थे और उन्होंने नारेबाजी की थी। यह वीडियो उसी दौरान का है।
क्या है संदर्भ?
सरकार की ओर से जारी प्रेस रिलिज के मुताबिक, देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरंगा फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और 21 तोपों की सलामी दी गई। इस साल पहली बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले पर ‘वंदे मातरम’ गाया गया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने 76 मिनट की स्पीच दी। साथ ही, कई एलान किए। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ें।
नीट (NEET) और अन्य परीक्षाओं में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के नेतृत्व में 20 जून 2026 से छात्रों का प्रदर्शन शुरू किया गया था। 25 जुलाई को तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद यह प्रदर्शन खत्म हो गया था। पूरी रिपोर्ट को यहां, और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस फेसबुक यूजर को तीन हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को एमपी का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते लोगों का वीडियो स्वतंत्रता दिवस 2026 का नहीं है। यह वीडियो जुलाई में हुए सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान का है। पुराने और असंबंधित वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : स्वतंत्रता दिवस पर लोगों ने दिल्ली के मेट्रो स्टेशन पर पीएम मोदी के खिलाफ की नारेबाजी।
- Claimed By : FB User Brijesh Chauhan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












