X
X

Fact Check : बीजेपी विधायक को थप्पड़ मारे जाने की पुरानी घटना को गोरक्षक  का बता फैलाया जा रहा है भ्रम

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि बीजेपी विधायक को थप्पड़ मारे जाने का वायरल वीडियो गोरक्षक  द्वारा मारपीट का नहीं है। यह घटना अक्टूबर 2024 की है, जब लखीमपुर खीरी में नगरीय सहकारी बैंक के चुनाव में कथित धांधली  को लेकर बीजेपी के ही कार्यकर्ता अवधेश सिंह ने विधायक योगेश वर्मा को थप्पड़ मारा था।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Jul 10, 2025 at 02:55 PM
  • Updated: Jul 10, 2025 at 03:14 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पुलिस की मौजूदगी में एक व्यक्ति को दूसरे व्यक्ति को थप्पड़ मारते देखा जा सकता है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि एक गोरक्षक ने बीजेपी के  विधायक को थप्पड़ मारा।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो असल में अक्टूबर 2024 का है, जब नगरीय सहकारी बैंक के प्रतिनिधियों के चुनाव को लेकर बीजेपी के एक कार्यकर्ता अवधेश सिंह ने बीजेपी के विधायक योगेश वर्मा को थप्पड़ मारा था।  

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर himashu_facts_390 ने 5 जुलाई, 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया। वीडियो पर लिखा हुआ है, ‘गौरक्षक ने विधायक की निकाली सारी अकड़।’

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल लेंस पर सर्च किया। हमें यह वीडियो TV9 Bharatvarsh समेत कई न्यूज़ पोर्टल्स के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल्स पर 9 अक्टूबर 2024 को अपलोड मिला। इन खबरों में बताया गया कि यह मामला उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी का था, जहां भारतीय जनता पार्टी के सदर विधायक योगेश वर्मा को अवधेश सिंह नाम के एक शख्स ने नगरीय सहकारी बैंक के प्रतिनिधियों के चुनाव के दौरान हुई कहासुनी  के बाद थप्पड़ मारा था।

 कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें इस घटना को लेकर कई खबरें मिलीं। आजतक की 9 अक्टूबर 2024 की एक रिपोर्ट के अनुसार, “अर्बन कॉपरेटिव बैंक (नगरीय सहकारी बैंक) चुनाव को लेकर बार संघ अध्यक्ष अवधेश सिंह और सदर विधायक योगेश वर्मा में कहासुनी हुई थी, जिसको लेकर आज दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी बीच तमतमाए अवधेश सिंह ने सरेआम पुलिसवालों के सामने विधायक योगेश वर्मा पर हाथ छोड़ दिया। इसके बाद दूसरे वकीलों ने भी विधायक को घेर लिया और मारपीट की।”

इस मामले में हमें और भी कई खबरें मिलीं। सभी ख़बरों के अनुसार, मामला नगरीय सहकारी बैंक के चुनाव में कथित धांधली  का था, गौरक्षा से सम्बंधित नहीं।

ये वीडियो एक बार पहले भी एक अलग गलत दावे के साथ वायरल हो चुका है। उस समय भी विश्वास न्यूज़ ने इसकी जांच की थी। उस समय हमने लखीमपुर डिस्ट्रिक्ट हेड धर्मेंद्र शुक्ला से संपर्क किया था। उन्होंने हमें बताया था, “वायरल दावा गलत है। यह घटना अक्टूबर 2024 की है। नगरीय सहकारी बैंक के प्रतिनिधियों के चुनाव को लेकर विधायक और बीजेपी के ही एक कार्यकर्ता अवधेश सिंह के बीच मारपीट हो गई थी। इस घटना के बाद बीजेपी ने अवधेश सिंह समेत 4 कार्यकर्ताओं को छह साल के लिए पार्टी से बर्खास्त कर दिया था।”

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इंस्टाग्राम यूजर himashu_facts_390 के लगभग 150 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि बीजेपी विधायक को थप्पड़ मारे जाने का वायरल वीडियो गोरक्षक  द्वारा मारपीट का नहीं है। यह घटना अक्टूबर 2024 की है, जब लखीमपुर खीरी में नगरीय सहकारी बैंक के चुनाव में कथित धांधली  को लेकर बीजेपी के ही कार्यकर्ता अवधेश सिंह ने विधायक योगेश वर्मा को थप्पड़ मारा था।

  • Claim Review : गोरक्षक ने बीजेपी के  विधायक को थप्पड़ मारा।
  • Claimed By : Instagram user himashu_facts_390
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later