X
X

Fact Check: श्रद्धांजलि सभा में नीतीश कुमार के अपने बेटे पर फूल बरसाने का दावा फर्जी, पुराना वीडियो गलत दावे के साथ वायरल

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा पूरी तरह से गलत है। यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि नवंबर 2023 का है। वीडियो में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिस व्यक्ति पर फूल बरसा रहे हैं, वे उनके बेटे निशांत कुमार नहीं, बल्कि बिहार सरकार के तत्कालीन मंत्री अशोक चौधरी हैं।

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। सोशल मीडिया पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें एक श्रद्धांजलि सभा के दौरान मृत व्यक्ति की तस्वीर के बजाय, पास खड़े एक व्यक्ति के ऊपर फूल बरसाते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को साझा करते हुए यूजर्स यह दावा कर रहे हैं कि नीतीश कुमार ने अपनी सुध-बुध खो दी है और उन्होंने दिवंगत व्यक्ति के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के बजाय पास खड़े अपने ही बेटे निशांत कुमार पर फूल डाल दिए।

विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि यह दावा गलत है। यह वीडियो साल 2023 का है, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार सरकार के तत्कालीन मंत्री अशोक चौधरी के पिता, महावीर चौधरी की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वहां नीतीश कुमार ने मंत्री अशोक चौधरी पर ही फूल बरसा दिए थे। वीडियो का उनके बेटे निशांत कुमार से कोई संबंध नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर Bihar Live News Express ने 19 दिसंबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा “श्रद्धांजलि में पहुंचे नीतीश कुमार ने अपने बेटे निशांत पर ही फूल बरसा दिया।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। हमें लोकमत की 9 नवंबर 2023 की एक खबर में ये स्क्रीनशॉट मिला। खबर के अनुसार “सीएम नीतीश मंत्री अशोक चौधरी के पिता को श्रद्धांजलि देने गए थे, लेकिनउन्होंने पिता की जगह बेटे पर फूल बरसा दिए।”

फर्स्ट बिहार की 9 नवंबर की खबर में भी वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मंत्री अशोक चौधरी के पिता स्वर्गीय महावीर चौधरी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे, लेकिन वहां उन्होंने श्रद्धांजलि के लिए रखे फूलों को तस्वीर पर चढ़ाने के बजाय सीधे मंत्री अशोक चौधरी के ऊपर ही बरसा दिया।”

तब बिहार में विपक्षी पार्टी रही बीजेपी ने भी यह वीडियो शेयर कर तत्कालीन महागठबंधन सरकार पर तंज कसा था।

इस विषय में हमने दैनिक जागरण पटना के पत्रकार जितेंद्र कुमार से भी बात की।  उन्होंने भी कन्फर्म किया कि वीडियो 2023 का है और वीडियो में दिख रहे व्यक्ति अशोक चौधरी हैं।

पुराने वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले फेसबुक यूजर अशोक चौधरी के 1300 से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा पूरी तरह से गलत है। यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि नवंबर 2023 का है। वीडियो में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिस व्यक्ति पर फूल बरसा रहे हैं, वे उनके बेटे निशांत कुमार नहीं, बल्कि बिहार सरकार के तत्कालीन मंत्री अशोक चौधरी हैं।

  • Claim Review : नीतीश कुमार ने एक श्रद्धांजलि सभा में अपने बेटे पर ही फूल बरसा दिए
  • Claimed By : Facebook user Bihar Live News Express
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later