X
X

Fact Check: हिजाब हटाने को लेकर नीतीश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन का नहीं है यह वीडियो, वायरल दावा भ्रामक

प्रदर्शन के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो बिहार के मुख्‍यमंत्री नी‍तीश कुमार के हिजाब खींचने की हालिया घटना को लेकर हुए प्रदर्शन का नहीं है। यह वीडियो करीब नौ महीने पुराना है और वक्फ बिल को लेकर हुए एक प्रदर्शन का है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Dec 23, 2025 at 02:06 PM
  • Updated: Dec 23, 2025 at 02:48 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र देने के एक कार्यक्रम (15 दिसंबर 2025) के दौरान मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने वहां मौजूद एक मुस्लिम महिला डॉक्‍टर का हिजाब हटा दिया था। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर उनके इस कदम की कड़ी निंदा हो रही है। इसी से जोड़ते हुए एक विरोध प्रदर्शन का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि महिला डॉक्‍टर का हिजाब हटाने के विरोध में लोग नीतीश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो हिजाब हटाने को लेकर हुए प्रदर्शन का नहीं है। यह वीडियो करीब नौ महीने पुराना है और वक्फ बिल को लेकर हुए एक प्रदर्शन का है। पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ अब शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर ‘gulbahar_choudhary8’ ने 15 दिसंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। वीडियो पर लिखा हुआ है, “नीतीश कुमार माफी मांगो मुस्लिम महिला का हिजाब खींचा…वीडियो को वही शेयर करेगा जो सच्चा देशभक्त होगा।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि एक पोस्ट पर ‘Waqf Amendment’ लिखा हुआ है। ऐसे में हमें वीडियो के पुराने होने का संदेह हुआ।

हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘The Daily India news’ के फेसबुक और ‘etemaaddaily’ के इंस्टाग्राम पेज पर 4 अप्रैल 2025 को अपलोड हुआ मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो वक्फ संशोधन बिल को लेकर बिहार में हुए प्रदर्शन का है। सत्ताधारी जनता दल (यूनाइटेड) द्वारा वक्फ संशोधन बिल का समर्थन करने से पार्टी के मुस्लिम नेता और समर्थक नाराज हो गए थे और उन्होंने प्रदर्शन किया था।

जांच के दौरान हमें वायरल वीडियो कई अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स पर इसी जानकारी के साथ, अप्रैल 2025 में शेयर किया हुआ मिला।

गौरतलब है कि जेडीयू ने वक्फ संशोधन बिल का समर्थन किया था। ऐसे में मुस्लिम समर्थन जेडीयू से नाराज हो गए थे और उन्होंने इसके खिलाफ बिहार के कई जिलों में प्रदर्शन किया था। इसकी न्यूज रिपोर्ट्स को यहां, यहां यहां और यहां पर देखा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने पटना दैनिक जागरण के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो नी‍तीश कुमार के हिजाब खींचने की हालिया घटना को लेकर हुए प्रदर्शन का नहीं है। 

हिंदी मनी कंट्रोल की वेबसाइट पर 15 दिसंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “बिहार में नवनियुक्त एक आयुष डॉक्टर उस समय असहज हो गई, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें अपॉइंटमेंट लेटर देते समय उसके चेहरे से हिजाब हटा दिया। पटना में नियुक्ति पत्र देते वक्त CM नीतीश कुमार ने महिला डॉक्टर नुसरत परवीन का हिजाब अपने हाथ से हटा दिया। इस घटना का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह घटना मुख्यमंत्री सचिवालय ‘संवाद (Samvad)’ में आयोजित उस कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां 1,000 से अधिक AYUSH डॉक्टरों को अपॉइंटमेंट लेटर बांटे जा रहे थे।”

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 2,22,698 लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि प्रदर्शन के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो बिहार के मुख्‍यमंत्री नी‍तीश कुमार के हिजाब खींचने की हालिया घटना को लेकर हुए प्रदर्शन का नहीं है। यह वीडियो करीब नौ महीने पुराना है और वक्फ बिल को लेकर हुए एक प्रदर्शन का है। पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ अब शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : हिजाब हटाने को लेकर नीतीश कुमार के खिलाफ हुआ प्रदर्शन।
  • Claimed By : Inst User gulbahar_choudhary8
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later