Fact Check : बिहार चुनाव की तारीखों का वायरल दावा फर्जी, चुनाव आयोग ने नहीं किया एलान
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। अभी तक चुनाव आयोग की ओर से तारीखों को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Sep 17, 2025 at 03:23 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। बिहार चुनाव की तारीखों को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दावा जा रहा है कि बिहार में 24 अक्टूबर को पहले चरण का मतदान होगा,जबकि अंतिम चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। रिजल्ट 24 नवंबर को घोषित होगा। इस पोस्ट को सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। अभी तक चुनाव आयोग की ओर से तारीखों को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है।
क्या हो रहा है वायरल
विशाल कुमार नाम के एक फेसबुक यूजर ने 15 सितंबर को एक पोस्ट में दावा किया, “बिहार विधान सभा चुनाव के तिथियों की घोषणा कर दी गई है। पहले चरण का मतदान 21 अक्टूबर को होगा और आख़िरी चरण का मतदान होगा 20 नवंबर को, जबकि चुनाव का नतीजा 24 नवंबर को आएगा।”

कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस वीडियो को मिलते-जुलते दावों के साथ साझा किया है। वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल की मदद ली। यहां सर्च करने पर हमें ऐसी कोई भी खबर नहीं मिली, जो वायरल दावे की पुष्टि कर सके।
जनसत्ता डॉट कॉम की एक खबर के अनुसार, बिहार की 243 सीटों पर अक्टूबर व नवंबर में चुनाव कराए जाने की संभावना है। वर्ष 2020 का चुनाव भी इन्हीं महीनों में हुआ था। यह खबर 15 सितंबर को पब्लिश हुई थी।
दैनिक जागरण, बिहार के राज्य ब्यूरो प्रमुख अरुण अशेष ने विश्वास न्यूज को बताया कि वायरल पोस्ट फर्जी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव की तारीखों की अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
जांच के अंत में हमने फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर विशाल कुमार की सोशल स्कैनिंग की। पता चला कि बिहार के रहने वाले इस यूजर को फेसबुक पर छह हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि 17 सितंबर 2025 तक बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों की घोषणा नहीं की गई है।
बिहार चुनाव से जुड़ी खबरों को नीचे पढ़ा जा सकता है।
- Claim Review : बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी
- Claimed By : FB User Vishal Kumar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












