Fact Check : दक्षिण अफ्रीका की गुफा में छह हजार साल पुराने शिवलिंग मिलने की बात झूठी, वायरल तस्वीरें भारत की ही हैं
विश्वास न्यूज की जांच में सुदवाला गुफा में छह हजार साल पुराने शिवलिंग मिलने की बात फर्जी निकली।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Aug 7, 2025 at 02:55 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में कुछ वीडियो और तस्वीरों को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि दक्षिण अफ्रीका की सुदवाला गुफा में छह हजार साल पुराना शिवलिंग मिला है।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा फर्जी निकला। सुदवाला गुफा में कोई शिवलिंग मौजूद नहीं है। मैसेज फेक है। वीडियो में दिखाया गया शिवलिंग महाराष्ट्र के सतारा स्थित पटेश्वर मंदिर का है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर Arpit Raaj Saini ने 2 जुलाई 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा “दक्षिण अफ्रीका में 6000 साल पुराना शिवलिंग मिला. यह शिवलिंग एक रहस्यमयी गुफा में मिला जहां अन्य मूर्तियाँ भी थीं” वीडियो के अंदर अंग्रेजी में दावा किया गया है कि दक्षिण अफ्रीका की सुदवारा गुफा में 6000 साल पुराना शिवलिंग मिला है और यह ग्रेनाइट पत्थर से बना हुआ है।
वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल
विश्वास न्यूज ने एक बार पहले भी इस दावे की जांच की थी। उस समय गूगल सर्च से हमें पता चला था कि गुफा का नाम सुदवारा नहीं, बल्कि सुदवाला है। रिसर्च में हमें शिवलिंग से जुड़ी कोई भी प्रामाणिक खबर नहीं मिली थी। हमने एक बार फिर सर्च किया मगर अभी भी हमें इससे संबंधित कोई खबर नहीं मिली।
इसके बाद हमने वायरल वीडियो के पहले फ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज टूल में अपलोड करके सर्च किया। हमें यह तस्वीर एक इंस्टाग्राम यूजर द्वारा इस दावे के साथ अपलोड मिली कि यह शिवलिंग महाराष्ट्र के सतारा स्थित पटेश्वर मंदिर का है।

कीवर्ड्स से सर्च करने पर हमें पटेश्वर मंदिर के यूट्यूब पर कुछ वीडियो मिले, जिनमें यह शिवलिंग साफ़ देखा जा सकता है।

वीडियो में दिख रहा दूसरा शिवलिंग तिरुवनंतपुरम के आझिमाला शिव मंदिर में स्थित है।

वहीं, वीडियो में दिख रही तीसरी तस्वीर कर्नाटक के मैसूर स्थितचेन्नाकेशव मंदिर सोमनाथपुरा की है।

सच जानने के लिए विश्वास न्यूज ने सुदवाला केव्स से जुड़े प्रशासन को 2021 में ईमेल किया था। info@sudwalacaves . com की ओर से भेजे गए ईमेल में स्टीफा की ओर से हमें बताया गया था कि “सुदवाला गुफा में कोई शिवलिंग नहीं है।” ईमेल में आगे लिखा गया था कि “गुफा से 36 किलोमीटर दूर नेल्सप्रूत नेचर रिचर्व में जरूर शिवलिंग मौजूद है। हो सकता है कि इसके कारण कन्फ्यूजन हुआ हो।”
वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक पेज Arpit Raaj Saini के लगभग 5000 फ़ॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में सुदवाला गुफा में छह हजार साल पुराने शिवलिंग मिलने की बात फर्जी निकली।
- Claim Review : दक्षिण अफ्रीका में 6000 साल पुराना शिवलिंग मिला
- Claimed By : FB user Arpit Raaj Saini
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












