Fact Check : पुलिस का युवक को गोली मारने का वीडियो सहारनपुर का नहीं, कर्नाटक का है
वायरल वीडियो में पुलिस को चाकू लिए युवक के पैर में गोली मारते दिखाया गया है। दावा किया गया कि यह वीडियो यूपी के सहारनपुर का है, जबकि हकीकत में यह घटना फरवरी 2023 में कर्नाटक के कलबुर्गी में हुई थी।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Dec 13, 2024 at 01:51 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें भीड़ को चाकू से धमकाते शख्स को देखा जा सकता है, जिसे काबू में करने के लिए पुलिस उसके पैर पर गोली मारती है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को सहारनपुर का बताते हुए यूपी पुलिस की तारीफ कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो कर्नाटक के कलबुर्गी का है। इसका यूपी के सहारनपुर से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टा यूजर sunilkashyap9081 ने 12 दिसंबर को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “सहारनपुर उतर प्रदेश का दादा सहारनपुर अब्दुल गफ्फार था इतवार को मार्केट में दादागिरी कर रहा था, और योगी जी की पुलिस आ गई फिर नजारा आपके सामने है“

पड़ताल
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल लेंस से सर्च करने पर हमें 6 फरवरी 2023 को हिन्दुस्तान टाइम्स पर छपी खबर का लिंक मिला। इसमें वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, कर्नाटक में कलबुर्गी पुलिस ने शनिवार को बाजार में एक व्यक्ति मोहम्मद फजल जाफर (28) पर गोली चलाई। वह कथित तौर पर चाकू और हथियार से लोगों को धमका रहा था। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया और इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। फजल एक फल विक्रेता है और वीडियो में वह चाकू लेकर घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में हुई थी।

एनडीटीवी और इंडिया टुडे की वेबसाइट पर भी इससे संबंधित खबर को देखा जा सकता है। इनमें इस मामले का वीडियो भी अपलोड किया गया है, जिसमें वायरल वीडियो के हिस्से को देखा जा सकता है।
इंडिया टुडे में छपी खबर में घटना रविवार रात को कलबुर्गी की बताई गई। इसके अनुसार, आरोपी की पहचान फजल के रूप में हुई है। आरोपी मार्केट में चाकू लेकर घूम रहा था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। वहां पहुंचे पुलिस अधिकारी ने उस पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया।

इस बारे में हमने सहारनपुर के स्थानीय पत्रकार शिवमणि त्यागी से संपर्क किया। उनका कहना है कि सहारनपुर में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। यह वीडियो सहारनपुर का नहीं है।
इससे पहले भी यह वीडियो सहारनपुर के नाम से वायरल हो चुका है। उस समय विश्वास न्यूज ने कर्नाटक के स्थानीय पत्रकार यासिर खान से संपर्क किया था। उन्होंने इस वीडियो के कर्नाटक के होने की पुष्टि की थी।
कर्नाटक के वीडियो को यूपी के सहारनपुर का बताकर शेयर करने वाले इंस्टा यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 330 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: वायरल वीडियो में पुलिस को चाकू लिए युवक के पैर में गोली मारते दिखाया गया है। दावा किया गया कि यह वीडियो यूपी के सहारनपुर का है, जबकि हकीकत में यह घटना फरवरी 2023 में कर्नाटक के कलबुर्गी में हुई थी।
- Claim Review : यूपी के सहारनपुर में हुए पुलिस एनकाउंटर का वीडियो।
- Claimed By : Insta User- sunilkashyap9081
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












