Fact Check: बालेन्द्र शाह नहीं, सुशीला कार्की बनीं हैं नेपाल की नई अंतरिम प्रधानमंत्री
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि नेपाल की नई अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की बनी हैं, न कि बालेन्द्र शाह। बालेंद्र शाह का नाम अंतरिम प्रधानमंत्री की रेस में था। हालांकि, उन्होंने अंतरिम पीएम का पद लेने से इनकार करते हुए इस पद के लिए सुशीला कार्की का समर्थन किया था।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Sep 15, 2025 at 02:30 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारत के पड़ोसी देश नेपाल में हाल ही में हिंसक आंदोलन हुए, जिसके बाद एक नई अंतरिम सरकार का गठन किया गया। अब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बालेन्द्र शाह नेपाल के नए प्रधानमंत्री बने हैं।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में यह दावा गलत पाया। असल में नेपाल की नई अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की बनी हैं। उन्होंने 12 सितंबर देर रात को शपथ ली थी।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ‘sofia_bano.7’ ने 14 सितंबर 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “नेपाल के नये प्रधानमंत्री बने बालेन्द्र शाह।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड्स से सर्च किया। हमें नेपाल की नई सरकार को लेकर कई खबरें मिलीं। ख़बरों के अनुसार सुशीला कार्की नेपाल की नई अंतरिम प्रधानमंत्री बनी हैं। उन्होंने 12 सितंबर देर रात को शपथ ली थी।
हिंदुस्तान टाइम्स की 12 सितंबर की खबर के अनुसार,”नेपाल की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की अंतरिम प्रधानमंत्री बन गई हैं। सुशीला कार्की ने अंतरिम प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद नेपाल की संसद भंग कर दी गई थी।”
सुशीला कार्की को नेपाल का अंतरिम प्रधानमंत्री बनाये जाने पर और खबरें यहां और यहां पढ़ी जा सकती हैं।
इस मामले में हमने दैनिक जागरण में अंतरराष्ट्रीय मामलों को कवर करने वाले वरिष्ठ पत्रकार जेपी रंजन से संपर्क किया।उन्होंने भी कन्फर्म किया कि नेपाल की नई अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की बनी हैं।
कौन हैं बालेन्द्र शाह?
नेपाल में हाल ही में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद रैपर और काठमांडू के मेयर बालेन्द्र शाह (बालेन शाह) का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए काफी चर्चा में आया था। ख़बरों के अनुसार,युवाओं ने शाह के भ्रष्टाचार विरोधी रुख के चलते उन्हें अपना संभावित नेता और बदलाव का प्रतीक माना। बालेन्द्र शाह को प्रधानमंत्री पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा था। लेकिन सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने अंतरिम पीएम का यह पद लेने से इनकार करते हुए पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने के लिए समर्थन दिया। उन्होंने इस पोस्ट में कहा कि अंतरिम सरकार का काम नई सरकार बनाने के लिए चुनाव कराना है,ताकि एक स्थायी सरकार बनाई जा सके। कई राजनीतिक विशेषज्ञ इसे एक संकेत मान रहे हैं कि वे आगे पीएम पद के लिए होने वाले चुनाव में हिस्सा ले सकते हैं।
नेपाल के हालिया हालात पर कई तरह की मिसइन्फॉर्मेशन वायरल हो रही है। इस पर विश्वास न्यूज़ द्वारा किए गए फैक्ट चेक यहां पढ़े जा सकते हैं।
अंत में हमने वीडियो को गलत जानकारी के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इंस्टाग्राम यूजर sofia_bano.7 को 1700 से अधिक यूजर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि नेपाल की नई अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की बनी हैं, न कि बालेन्द्र शाह। बालेंद्र शाह का नाम अंतरिम प्रधानमंत्री की रेस में था। हालांकि, उन्होंने अंतरिम पीएम का पद लेने से इनकार करते हुए इस पद के लिए सुशीला कार्की का समर्थन किया था।
- Claim Review : बालेन्द्र शाह नेपाल के नए प्रधानमंत्री बने हैं।
- Claimed By : Instagram user ‘sofia_bano.7’
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












