Fact Check: वाराणसी में चौकी इंचार्ज द्वारा छात्रों को पीटे जाने की ये घटना पुरानी, पुलिसकर्मी को किया गया था सस्पेंड
विश्वास न्यूज ने पड़ताल में पाया गया कि वायरल वीडियो सही है, लेकिन इसे हालिया बताना भ्रामक है। यह घटना फरवरी 2025 की है और इसमें आरोपी पुलिसकर्मी पर तत्काल कार्रवाई हो चुकी है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: May 28, 2025 at 02:04 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक पुलिसकर्मी एक व्यक्ति को बेरहमी से पीटता हुआ नजर आ रहा है। इस घटना को हालिया समझ कई लोग शेयर कर रहे हैं और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह दावा भ्रामक है। यह घटना वाराणसी की फरवरी 2025 की है। डीसीपी ने घटना के बाद कार्रवाई की थी और चौकी इंचार्ज को तत्काल सस्पेंड कर दिया था।
क्या है वायरल पोस्ट में?
alok2079 नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा “यूपी वाराणसी। आप का एक शेयर इस लड़के का ताकत बन जायेगा।” पोस्ट में कार्रवाई की मांग करते हुई कुछ हैशटैग भी इस्तेमाल किये गए हैं।

पड़ताल
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने इस वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह वीडियो न्यूज चैनल आजतक की वेबसाइट पर 1 मार्च 2025 को अपलोड एक खबर में मिला। खबर के अनुसार, “वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र स्थित संकटमोचन पुलिस चौकी में एक पुलिस अधिकारी द्वारा छात्रों की बर्बर पिटाई का वीडियो सामने आया है. वीडियो में चौकी इंचार्ज नवीन चतुर्वेदी छात्रों को बाल पकड़कर जमीन पर गिराते और लाठी से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं. मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।”

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें इस मामले में और भी कई खबरें मिलीं। प्रभात खबर की वेबसाइट पर 4 मार्च को अपलोड खबर में इस वीडियो के स्क्रीनशॉट को बिग इमेज के रूप में इस्तेमाल करते हुए लिखा गया, “वाराणसी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मामले का संज्ञान लिया और काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल ने आरोपी चौकी इंचार्ज नवीन चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। डीसीपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी पुलिसकर्मी को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है और इस तरह की क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में अन्य दोषी पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
इस मामले में पुष्टि के लिए हमने काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल से संपर्क किया, जिन्होंने हमें बताया कि ये घटना फरवरी 2025 की है और इस मामले में सख्त कार्रवाई की गयी थी और चौकी इंचार्ज नवीन चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था।
इस पोस्ट को alok2079 नाम के इंस्टाग्राम यूजर द्वारा शेयर किया गया था। इस यूजर के 37000 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने पड़ताल में पाया गया कि वायरल वीडियो सही है, लेकिन इसे हालिया बताना भ्रामक है। यह घटना फरवरी 2025 की है और इसमें आरोपी पुलिसकर्मी पर तत्काल कार्रवाई हो चुकी है।
- Claim Review : वाराणसी में चौकी इंचार्ज द्वारा छात्रों को हाल ही में पीटा गया
- Claimed By : Instagram user alok2079
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












