X
X

Fact Check : महिला को जबरन कार में ले जाने का वीडियो झूठे सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। यह वीडियो परिवार के आपसी लड़ाई से जुड़ा हुआ है। वीडियो को गलत दावे के साथ सांप्रदायिक रंग दिया जा रहा है।

  • By: Umam Noor
  • Published: Jun 4, 2025 at 05:52 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला को कुछ लोग जबरन गाड़ी में बैठाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो को सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। यूजर धर्मविशेष पर निशाना साधते हुए वीडियो शेयर कर दावा कर रहे हैं कि मुंबई पुणे हाईवे पर एक खास धर्म के लोगों ने बच्ची का अपहरण कर लिया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। यह वीडियो परिवार के आपसी लड़ाई से जुड़ा हुआ है। वीडियो को गलत दावे के साथ सांप्रदायिक रंग दिया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा “कृप्या #शेयर करें ताकि ये #जिहादी पकड़े जा सकें!!यह विडियो मुम्बई पूणे हाईवे का है!! देखिये कैसे एक #बच्ची को गाड़ी से उतरकर #जिहादी उठाकर ले गये!! और उनको देखकर एक कुत्ता उनके ऊपर भौंक रहा है!! लेकिन #दुनिया ऐसी हो गई है कि #जानवरों की प्रक्रिया का भी उनपर कोई असर नहीं होता अपने में ही हर कोई व्यस्त है सामने #खड़े होकर देख रहे हैं इस स्वार्थी लोग इस दुनिया में!!”

 पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वीडियो के की- फ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें इस मामले से जुड़ी खबर 5 अप्रैल 2025 को लोकसत्ता की वेबसाइट पर पब्लिश हुई मिली। यहां दी गई जानकारी के अनुसार, “सीसीटीवी फुटेज में पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में स्कॉर्पियो से एक महिला का अपहरण होते हुए दिखाया गया है। पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने मामले की जांच में पाया कि यह घटना घरेलू विवाद का नतीजा थी। पुलिस ने बताया कि यह घटना पति-पत्नी के बीच मतभेद के कारण हुई थी।”

इसी बुनियाद पर हमने न्यूज़ सर्च किया। मुंबई तक की न्यूज़ वेबसाइट पर भी इस मामले से जुड़ी खबर 5 अप्रैल 2025 को अपलोड की हुई मिली। जानकारी के अनुसार, “पिछले दिनों महिला को स्कॉर्पियो गाड़ी में ले जाने का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस की जांच में पता चला कि घरेलू विवाद के चलते यह घटना हुई थी। मुंबई से पुणे जा रहे पति-पत्नी के बीच कलभोर नगर इलाके में पहुंचते ही झगड़ा हो गया। इसके बाद पत्नी स्कॉर्पियो से उतरकर गुस्से में चली गई। स्कॉर्पियो में बैठे सभी लोग महिला को समझाने और मनाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन महिला किसी की बात सुनने के मूड में नहीं थी। रात का समय होने की वजह से उन्होंने महिला को जबरन उठाकर स्कॉर्पियो में बैठा लिया। कार में महिला का बेटा भी था।”

एबीपी लाइव की 5 अप्रैल 2025 की खबर में पुलिस के हवाले से बताया गया है, यह घटना पारिवारिक विवाद के चलते हुई थी। वहीं, इस घटना के बाद किसी ने अपहरण की शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

वायरल वीडियो में किए जा रहे दावे से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने पिंपरी पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कडलग से संपर्क  किया। उन्होंने हमें बताया कि यह एक दंपती  के आपस का मामला था, इसको गलत दावे के साथ फैलाया जा रहा है।  वीडियो में नजर आ रहे दोनों पति- पत्नी थे।”

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर ‘आनन्द वर्द्धन शर्मा’ को 15 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। यह वीडियो परिवार के आपसी लड़ाई से जुड़ा हुआ है। वीडियो को गलत दावे के साथ सांप्रदायिक रंग दिया जा रहा है।

  • Claim Review : मुंबई पुणे हाईवे पर एक खास धर्म के लोगों ने बच्ची का अपहरण कर लिया है।
  • Claimed By : FB User- आनन्द वर्द्धन शर्मा
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later