X
X

Fact Check: लोनी विधायक पर 2019 में लगा था खाद्य सुरक्षा अधिकारी से मारपीट का आरोप, पुराना है वीडियो

नवंबर 2019 में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर और उनके साथियों पर मारपीट का आरोप लगाया था। उस मामले में विधायक प्रतिनिधि समेत दो लोग गिरफ्तार भी हुए थे। वायरल वीडियो उसी मामले का है।

Loni MLA Nand Kishore Gurjar, Nand Kishore Gurjar, Nand Kishor Gurjar video, Fact Check, Ghaziabad News

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। गाजियाबाद के लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर से जोड़कर एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें एक वीडियो पोस्ट कर दावा किया जा रहा है कि नंद किशोर गुर्जर ने होटल बंद करवाने से मना करने पर सरकारी अधिकारी को पीटा। वीडियो में एक व्यक्ति को विधायक पर आरोप लगाते हुए देखा जा सकता है। इसमें वह कह रहे हैं कि उनको सलाम होटल बंद करने से मना करने पर विधायक और उनके साथियों ने पीटा है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि यह मामला नवंबर 2019 का है, तब खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने लोनी विधायक पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। इस मामले में विधायक समेत कुछ अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था और विधायक समर्थक दो लोगों को जेल जाना पड़ा था।

वायरल पोस्ट

एक्स यूजर @WasimAkramTyagi ने 21 मार्च को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए दावा किया कि लोनी विधायक नंद कशोर गुर्जर ने सरकारी अधिकारी को पीटा है।

फेसबुक यूजर Gulsher Rana ने भी इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है,

“लोनी में सलाम बिरयानी होटल को बंद करानें के पीछे क्यों पड़े है MLA नंद किशोर गुज्जर ,, अफसर को ऑफिस बुलाकर क्यों की मारपीट सुने अफसर की जबानी“

पड़ताल

एक्स यूजर @WasimAkramTyagi की पोस्ट पर कई यूजर्स ने जवाब देते हुए इस वीडियो को 2019 का बताया है।

इस बारे में गूगल पर कीवर्ड से सर्च करने पर यूट्यूब चैनल ‘पंजाब केसरी टीवी’ पर 28 नवंबर 2019 को अपलोड वीडियो न्यूज मिला। इसमें वायरल वीडियो को भी देखा जा सकता है। इसके अनुसार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष सिंह ने भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर पर मारपीट का आरोप लगाया है।

29 नवंबर 2019 को अमर उजाला में छपी खबर के अनुसार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष सिंह ने आरोप लगाया है कि जब वह लोनी क्षेत्र में दौरे पर गए थे तब उनके पास विधायक के प्रतिनिधि ललित शर्मा ने फोन कर उनकी बात विधायक से कराई। विधायक ने उनसे एक होटल पर कार्रवाई करने के लिए कहा। इस पर उन्होंने यह मामला अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर का बताया। आरोप है कि आशुतोष सिंह को पहले तो विधायक ने थप्पड़ मारा और फिर अन्य लोगों से पिटवाया। लोनी बॉर्डर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इसे विधायक समेत उनके प्रतिनिधि, गनर और 10 अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।

1 दिसंबर 2019 को दैनिक जागरण वेबसाइट पर छपी खबर में लिखा है कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी से मारपीट के मामले में भाजपा ने नंद किशोर गुर्जर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 6 दिसंबर 2019 को छपी खबर के मुताबिक, फूड इंस्पेक्टर से विवाद के मामले में लोनी विधायक प्रतिनिधि समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

8 जनवरी 2020 को एबीपी लाइव की वेबसाइट पर छपी खबर में लिखा है कि कोर्ट के आदेश पर खाद्य अधिकारी के खिलाफ लोनी थाने में केस दर्ज किया गया है। विधायक से विवाद होने के बाद उनका तबादला आगरा मंडल में कर दिया गया था।

इस बारे में हमने ट्रांस हिंडन क्षेत्र में दैनिक जागरण के रिपोर्टर राहुल से संपर्क किया। उनका कहना है कि नवंबर 2019 में विधायक पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी से मारपीट का आरोप लगा था। यह वीडियो उसी समय का है। इस समय तो विधायक अस्पताल में भर्ती हैं।

पुराने वीडियो को शेयर कर भ्रम फैलाने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। इसके अनुसार यूजर के 1 लाख 43 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: नवंबर 2019 में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर और उनके साथियों पर मारपीट का आरोप लगाया था। उस मामले में विधायक प्रतिनिधि समेत दो लोग गिरफ्तार भी हुए थे। वायरल वीडियो उसी मामले का है।

  • Claim Review : नंद किशोर गुर्जर ने होटल बंद करवाने से मना करने पर सरकारी अधिकारी को पीटा।
  • Claimed By : X User- WasimAkramTyagi
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later