Fact Check: गाजियाबाद के मैरिज हॉल में लगी आग के वीडियो को बजरंग दल से जोड़कर गलत दावा वायरल
गाजियाबाद के एक मैरिज हॉल में 3 अप्रैल को आग लग गई थी। उस घटना के वीडियो को बजरंग दल से जोड़कर झूठा दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Apr 29, 2025 at 04:25 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भड़काऊ और सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। इसमें एक संरचना में लगी आग को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि बजरंग दल के लोगों ने मस्जिद जला दी।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो गाजियाबाद के मैरिज हॉल में लगी आग का है, जिसे भड़काऊ और गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर mr.maliram_prajapat_6378 ने 27 अप्रैल को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “बजरंग दल के लोगों ने मस्जिद जला दी“

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने उसकी कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। यूट्यूब चैनल Venue In Delhi – Wedding Planner In Delhi NCR पर 21 अप्रैल को अपलोड इस घटना के वीडियो को गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित बैंक्वेट हॉल में लगी आग का बताया गया।
इंस्टा यूजर apnaghaziabad_ और realghaziabad ने 4 अप्रैल को इस वीडियो को अपलोड करते हुए जानकारी दी गई कि 3 अप्रैल की दोपहर में राजनगर एक्सटेंशन स्थित बैंक्वेट हॉल में आग लग गई। इसमें दो गाड़ियां भी जल गई हैं। माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी।

इसके बाद कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च करने पर हमें जी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर इससे संबंधित खबर मिली। 3 अप्रैल को अपलोड इस वीडियो न्यूज में घटना का वीडियो अन्य एंगल से भी देखा जा सकता है। इसके मुताबिक, गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के राज नगर एक्सटेंशन स्थित एक मैरिज होम में आग लग गई।
दैनिक जागरण के 4 अप्रैल के गाजियाबाद संस्करण में भी इस खबर को देखा जा सकता है।

इस बारे में हमने गाजियाबाद में दैनिक जागरण के क्राइम रिपोर्टर विनीत कुमार से संपर्क किया। उनका कहना है कि यह वीडियो मैरिज हॉल में लगी आग का है। इसे झूठे दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के 234 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: गाजियाबाद के एक मैरिज हॉल में 3 अप्रैल को आग लग गई थी। उस घटना के वीडियो को बजरंग दल से जोड़कर झूठा दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : बजरंग दल के लोगों ने मस्जिद जला दी।
- Claimed By : Insta User- mr.maliram_prajapat_6378
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












