X
X

Fact Check : कंगना के वीडियो के साथ की गई छेड़छाड़, राहुल गांधी पर कसा था तंज

दावा फर्जी साबित हुआ। दरअसल, कंगना ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए यह बयान दिया था।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Sep 24, 2025 at 02:18 PM
  • Updated: Sep 24, 2025 at 02:22 PM

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के कई प्‍लेटफॉर्म पर बॉलीवुड अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद कंगना रनौत का ए‍क वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि कंगना ने उत्तर प्रदेश और बिहार में ‘वोट चोरी’ की बात स्वीकार की है।

वीडियो में कंगना रनौत को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “‘वोट चोरी’ सिर्फ यहां पे बिहार में और यूपी में हो रही है। लेकिन कर्नाटक में नहीं हो रही है, हिमाचल प्रदेश में नहीं हो रही है, पंजाब में नहीं हो रही है, ऐसी इतनी स्टेट्स में नहीं हो रही है।” इसके आधार पर यह दावा किया जा रहा है कि कंगना ने माना है कि यूपी और बिहार में ‘वोट चोरी’ हो रही है।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। दरअसल, कंगना ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए यह बयान दिया था। उनका पूरा बयान सुनने के बाद यह स्‍पष्‍ट हुआ।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर Shabbir Ali ने एक क्लिप को अपलोड करते हुए दावा किया, “कंगना रनौत ने भी माना कि यूपी और बिहार में वोट चोरी हो रही है।”

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने कंगना रनौत की वायरल क्लिप की सच्‍चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्‍स निकाले। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें पीटीआई के एक्‍स हैंडल पर पूरा बयान मिला। दरअसल, वायरल क्लिप एडिटेड है। पूरे बयान को सुनने से यह स्‍पष्‍ट हुआ कि ‘वोट चोरी’ के इश्‍यू पर कंगना रनौत ने यह बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए दिया था। पीटीआई के 18 सितंबर 2025 के एक्‍स पोस्‍ट को नीचे देखा जा सकता है।

सर्च के दौरान हमें कंगना का वीडियो आजतक के यूट्यूब चैनल पर शॉर्ट वीडियो के रूप में मिला। इसमें उन्‍हें राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए देखा जा सकता है।

इसके अलावा हिंदुस्‍तान की वेबसाइट पर भी कंगना के बयान से जुड़ी एक खबर मिली। 18 सितंबर को पब्लिश इस खबर में लिखा गया, ‘हिमाचल के मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि वोट चोरी का आरोप केवल बिहार और उत्तर प्रदेश में लगाया जा रहा है, लेकिन कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, पंजाब या कई अन्य राज्यों में नहीं। मंडी में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने आईं कंगना रनौत ने कहा कि यह एक तरह का हास्य है, एक तरह का मजाक है, क्योंकि उनकी रुचि विकास में नहीं है। बिहार हो या कोई और चुनाव, उनकी कोई रुचि नहीं है। आप जाकर केस दर्ज करवा सकते हैं, आप कोर्ट जाकर अपना सबूत जमा कर सकते हैं, लेकिन इसके बजाय आप यहाँ-वहाँ केवल मीडिया ट्रायल करने की कोशिश कर रहे हैं, लोगों को गुमराह कर रहे हैं। वोट चोरी का आरोप केवल बिहार और उत्तर प्रदेश में लगाया जा रहा है, लेकिन कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, पंजाब या कई अन्य राज्यों में नहीं।’

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच के दौरान कंगना रनौत की बहन रंगोली से संपर्क किया। उनके साथ वायरल क्लिप को शेयर किया। उन्‍होंने इसे पूरी तरह फर्जी बताते हुए कहा कि कंगना के अधूरे बयान को गलत दावे के साथ वायरल किया गया है।

जांच के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। इसे दो लाख से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। कंगना रनौत के बयान का अधूरा हिस्‍सा गलत दावे के साथ वायरल किया गया। कंगना ने यूपी व बिहार में में ‘वोट चोरी‘ की बात नहीं मानी है। वे राहुल गांधी पर तंज कसते हुए जवाब दे रही थीं। हमारी जांच में पाया गया है कि वायरल हो रहा वीडियो एडिटेड है और इसे बिना पूरे संदर्भ के पेश किया गया है।

  • Claim Review : कंगना रनौत ने माना बिहार व यूपी में वोट चोरी की बात
  • Claimed By : FB User Shabbir Ali
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later