Fact Check: AI जेनरेटेड है चिड़ियाघर में तेंदुए का पिंजरे से छलांग लगाकर लोगों पर कूदने का वीडियो
चिड़ियाघर में तेंदुए के छलांग मारकर पिंजरे से बाहर आने का वीडियो एआई जेनरेटेड है। इसे यूजर्स असली समझकर शेयर कर रहे हैं।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jan 13, 2026 at 05:16 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। चिड़ियाघर का बताकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें तेंदुए को छलांग लगाकर पिंजरे से बाहर लोगों पर कूदते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे असली घटना का वीडियो समझकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो एआई टूल की मदद से बनाया गया है। यह असली नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर samacharplus360 ने 5 जनवरी 2026 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इसके साथ में लिखा है, “खुशी का एक पल… और अगला ही पल खौफनाक“।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए सबसे पहले हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके।
एबीपी न्यूज (आर्काइव लिंक), इंडिया डॉट कॉम (आर्काइव लिंक) और टीवी 9 (आर्काइव लिंक) की वेबसाइट पर वायरल वीडियो के आधार पर इससे संबंधित खबर छपी है। इनमें यह भी कहा गया है कि यूजर्स ने वीडियो को एआई निर्मित बताया है।
वीडियो को ध्यान से देखने पर इसके आखिरी हिस्से में तेंदुए के कूदने के बाद लोगों की प्रतिक्रिया अजीब-सी दिखती है। इससे हमें भी इसके एआई टूल से बने होने की संभावना प्रतीत हुई। इसकी पुष्टि के लिए हमने इसे एआई वीडियो डिटेक्शन टूल्स से चेक किया।

डीपफेक-ओ-मीटर के AVSRDD (2025) और AltFreezing (2023) मॉडल्स ने इसे 90 फीसदी से अधिक एआई संभावित बताया।

ट्रुथ स्कैन ने इस वीडियो के 99 और हाइव मॉडरेशन ने 99.9 फीसदी एआई टूल से बने होने की संभावना जताई।


इस बारे में हमने एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वीडियो को अगर स्लो फ्रेम चलाकर देखते हैं तो तेंदुआ जब कूदता है तो वह छोटे से बड़े में बदल जाता है और बाकी तेंदुए काफी धुंधले दिख रहे हैं। आखिरी के कुछ तीन-चार सेकंड में लोगों की प्रतिक्रिया भी काफी अजीब है। ये वीडियो के एआई से बने होने के संकेत देते हैं।
हाल के कुछ दिनों में जानवरों के कई एआई वीडियो वायरल किए जा चुके हैं, जिन्हें यूजर्स ने असली समझकर शेयर किया था। उनकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
एआई वीडियो को शेयर करने वाले यूजर के करीब 1 लाख 95 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: चिड़ियाघर में तेंदुए के छलांग मारकर पिंजरे से बाहर आने का वीडियो एआई जेनरेटेड है। इसे यूजर्स असली समझकर शेयर कर रहे हैं।
- Claim Review : चिड़ियाघर में पिंजरे को लांघकर लोगों पर कूदा तेंदुआ।
- Claimed By : Insta User- samacharplus360
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












