Fact Check: मुंबई में शूटिंग के दौरान लहराए गए थे बांग्लादेशी झंडे, SIR के विरोध का नहीं है वीडियो
मुंबई में एक शूटिंग के दौरान कुछ लोगों ने बांग्लादेशी झंडे पकड़े थे। उस वीडियो को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन का बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Oct 6, 2026 at 06:04 PM
- Updated: Oct 6, 2026 at 06:27 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मुंबई में 2 अक्टूबर 2026 को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ था। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें ‘रैली’ में कुछ लोगों को बांग्लादेश के झंडे पकड़े हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि ‘मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान’ (एसआईआर) के विरोध में निकाली गई रैली में बांग्लादेश के झंडे लहराए गए।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो मुंबई में हुई एक शूटिंग का है। इसमें बांग्लादेशी झंडे पकड़े जाने का मामला सामने आने के बाद लोगों ने शूटिंग का विरोध किया था। इस वीडियो का एसआईआर के विरोध या ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Uday India’ ने 5 अक्टूबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “मुंबई के विरार में बांग्लादेशी झंडा लहराकर हो रहा SIR का विरोध, वीडियो वायरल।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें हमें कुछ जगहों कैमरे दिखाई दिए। इससे हमें वायरल दावे पर संदेह हुआ।

इसके बाद हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। इंस्टाग्राम यूजर ‘in24news‘ ने 4 अक्टूबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “शूटिंग के दौरान लहराया बांग्लादेश का झंडा, विरोध के बाद मचा बवाल।”

‘citysamacharlive’ इंस्टाग्राम यूजर ने इस वीडियो को 4 अक्टूबर 2026 को पोस्ट करते हुए लिखा, “MHADA कॉलोनी के पास एक सार्वजनिक सड़क पर फिल्म की शूटिंग के दौरान बांग्लादेशी झंडे दिखाए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे लोग इस मामले पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि ये झंडे किस प्रोडक्शन के लिए इस्तेमाल किए गए थे, क्या शूटिंग के लिए जरूरी प्रशासनिक मंजूरी ली गई थी और बांग्लादेशी झंडे इस्तेमाल करने का असल मकसद क्या था?”

इंस्टाग्राम यूजर ‘publicvoice24.7’ ने भी इस वीडियो को 4 अक्टूबर 2026 को पोस्ट करते हुए इसे विरार पश्चिम में MHADA कॉलोनी के पास मौजूद रास्ते पर फिल्म की शूटिंग के दौरान का बताया।

इस आधार पर हमने मराठी कीवर्ड से गूगल पर ओपन सर्च किया। यूट्यूब चैनल ‘ABP MAJHA’ पर 4 अक्टूबर 2026 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज अपलोड की गई थी। इसके अनुसार, विरार के MHADA परिसर में शूटिंग के दौरान बांग्लादेशी झंडों और टी-शर्ट पहने लोगों का मामला सामने आने के बाद विरोध हो गया।
इस बारे में हमने मुंबई में दैनिक जागरण के रिपोर्टर विनोद राठौर से संपर्क कर उनको वीडियो भेजा। उन्होंने कहा कि यह वीडियो फिल्म की शूटिंग का है। इसका प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।
क्या है संदर्भ?
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू व विवेक जोशी के बीच एसआईआर, वोटर डेटा और फॉर्म-6 समेत कुछ मुद्दों पर मतभेद होने के दावों वाली रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग ने एक्स हैंडल पर 26 सितंबर 2026 को एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा, “हाल के महीनों में आयोग ने देशभर में SIR सहित कई निर्णय लिए हैं। सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 24.6.2025 को जारी SIR का आदेश, जिसकी शुरुआत बिहार से हुई और बाद में इसे पश्चिम बंगाल तथा 30 अन्य राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में लागू किया गया, आयोग की सर्वसम्मत मंजूरी से जारी किया गया था। 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए SIR का कार्यक्रम 27.10.2025 को और 19 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 14.05.2026 को आयोग की सर्वसम्मत मंजूरी से जारी किया गया था।”
यूट्यूब चैनल ‘न्यूज 24’ पर 2 अक्टूबर 2026 को पोस्ट की गई वीडियो न्यूज के अनुसार, मुंबई के शिवाजी पार्क में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया, जिसका आह्वान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया था।
शूटिंग के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। दिल्ली के इस यूजर के करीब 11 लाख फॉलोअर्स हैं और यह पेज 16 जुलाई 2013 को बना था।
निष्कर्ष: मुंबई में एक शूटिंग के दौरान कुछ लोगों ने बांग्लादेशी झंडे पकड़े थे। उस वीडियो को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन का बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : मुंबई के विरार में बांग्लादेशी झंडा लहराकर SIR का विरोध हुआ।
- Claimed By : FB User- Uday India
- Fact Check : झूठ
- Video Posted by IG@in24news, Dated 4 Oct 2026
- Video Posted by IG@citysamacharlive, Dated 4 Oct 2026
- Video Posted by IG@publicvoice24.7, Dated 4 Oct 2026
- Video Posted by YT@ABP Majha, Dated 4 Oct 2026
- News Report by BBC, Dated 28 Sep 2026
- Post by X@ECI, Dated 26 Sep 2026
- Video Posted by YT@News24, Dated 2 Oct 2o26
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












