X
X

Fact Check: सीजेपी के प्रदर्शन में आए जनसैलाब का नहीं है वायरल वीडियो, भोपाल में हुई ओवैसी की रैली का है

सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन में मौजूद जनसैलाब के दावे से वायरल हो रहा वीडियो भोपाल का है। यह वीडियो 15 सितंबर को भोपाल में आयोजित AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की जनसभा का है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) की प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर भारतीय चुनाव आयोग विवादों के घेरे में है। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने भी 2 अक्टूबर 2026 को मुंबई के शिवाजी पार्क में विरोध-प्रदर्शन किया था। इसी प्रदर्शन से जोड़कर भीड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में जनसैलाब दिख रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शिवाजी पार्क में हुए सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन का है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि सोशल मीडिया पर यूजर्स इस वीडियो को शेयर करते हुए गलत दावा कर रहे हैं। असल में यह वीडियो 15 सितंबर 2026 का है और मध्य प्रदेश की एक जनसभा का है। दरअसल, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी भोपाल में ‘यूनिफॉर्म सिविल कोड’ के विरोध में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। वायरल वीडियो इसी जनसभा का है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Iltaf Ali’ ने 2 अक्टूबर को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “मुंबई में CJP का रात में बड़ा प्रदर्शन महाराष्ट्र के मुंबई स्थित शिवाजी पार्क में CJP के प्रदर्शन में भारी भीड़ जुटी।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें यह वीडियो भोपाल के एक कंटेंट क्रिएटर ‘ameensdq’ के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। इसे 15 सितंबर 2026 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो भोपाल में आयोजित असदुद्दीन ओवैसी की एक जनसभा का है। 

‘Ameensdq’ के इंस्टाग्राम अकाउंट को खंगालने पर हमें असदुद्दीन ओवैसी की जनसभा के कई वीडियो मिले, जो वायरल वीडियो से मिलते-जुलते हैं।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर असदुद्दीन ओवैसी की जनसभा से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट को 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “भोपाल में ओवैसी ने देर रात मौलाना आजाद सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया । इस दौरान उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड का जमकर विरोध किया। उन्होंने इसे हिंदू कानून बताया और कहा कि सरकार गैर हिंदुओं पर हिंदू कानून थोप रही है। यह नागरिकों, खासकर अल्पसंख्यकों के धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन है।” 

हमने वायरल वीडियो में नजर आ रही लोकेशन को गूगल मैप्स पर सर्च किया। हमें लोकेशन से मिलती-जुलती तस्वीरें भोपाल के मौलाना आजाद सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान के नाम से मिलीं। दोनों के बीच समानताओं को नीचे देखा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने ‘नईदुनिया’ भोपाल के रिपोर्टर ब्रिजेंद्र ऋषिवर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह 15 सितंबर को ओवैसी की भोपाल में आयोजित जनसभा का वीडियो है।

क्या है संदर्भ?

‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) समेत कई मुद्दों पर प्रकाशित एक रिपोर्ट के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन का ऐलान किया था। उन्होंने गांधी जयंती, 2 अक्टूबर 2026 के दिन मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन से पहले दीपके ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए वह ये आंदोलन कर रहे हैं। साथ ही, उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से एसआईआर में गड़बड़ियों को स्वीकारने और अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की थी। पूरी रिपोर्ट को यहां पर देखें।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी सहित विपक्षी दलों के कई नेताओं ने दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ धरना दिया था। वे ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। फिर पुलिस ने सभी नेताओं को वहां से हटाकर हिरासत में ले लिया था। हालांकि, रात करीब 10 बजे सभी को रिहा कर दिया गया था। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यह यूजर 6 सितंबर 2021 से फेसबुक पर सक्रिय है। यूजर को करीब छह हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को बिहार का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन में मौजूद जनसैलाब के दावे से वायरल हो रहा वीडियो भोपाल का है। यह वीडियो 15 सितंबर को भोपाल में आयोजित AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की जनसभा का है।

  • Claim Review : ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के मुंबई में हुए प्रदर्शन में आए जनसैलाब का वीडियो।
  • Claimed By : FB User Iltaf Ali
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later