X
X

Fact Check: डीपफेक है कश्मीर में SPO के शवों के बारे में बोलते CRPF अधिकारी का वीडियो

शहीद एसपीओ के पार्थिव शरीरों के बारे में बोलते सीआरपीएफ के एसडीजी संदीप खिरवार का वीडियो डीपफेक है। असली वीडियो में एआई-निर्मित ऑडियो जोड़कर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

SPOs Viral Video, SPOs Deepfake Video, Martyred SPOs Viral Video, Official Deepfake Video, Viral Video

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में शहीद हुए दो स्पेशल पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) पर बोलते एक अधिकारी का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वर्दी पहने एक अधिकारी को बोलते हुए सुना जा सकता है कि उनके पास दोनों एसपीओ के पार्थिव शरीरों को एक डंपर में भेजने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। इस वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि कश्मीर पुलिस के प्रमुख ने स्वीकार किया है कि शहीदों के शवों को डंपर में भेजना पड़ा था।

विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की तो पता चला कि इसके साथ वायरल हो रहा वीडियो डीपफेक है। असली वीडियो में एआई से बने ऑडियो को जोड़कर वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

एक्स यूजर ‘Dr Sangram Gokulsingh Patil’ ने 17 नवंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “कश्मीर पुलिस प्रमुख ने बताया है कि शहीद हुए किश्तवाड़ पुलिस के दो अधिकारियों के शवों को एक कचरा उठाने वाली गाड़ी में ले जाना पड़ा। भारतीय सेना द्वारा कश्मीर पुलिस को एम्बुलेंस देने से मना करने के बाद, इन शवों को कचरे के साथ रखा गया था।”

इसमें अधिकारी बोल रहे हैं, “इलाके के सभी सैन्य ट्रक और वाहन व्यस्त थे इसलिए हमारे पास दो शहीद एसपीओ कर्मियों के पार्थिव शरीरों को एक डंपर ट्रक में ले जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था, लेकिन असली मुद्दा यह नहीं है कि उन्हें डंपर में ले जाया गया या कचरे के ट्रक में। उनके परिवारों को अपने प्रियजनों के पार्थिव शरीर मिल गए। उन्हें और क्या चाहिए?”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। ‘एएनआई’ के एक्स हैंडल से 16 नवंबर 2026 को इसका असली वीडियो पोस्ट किया गया था। वीडियो में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) जम्मू-कश्मीर जोन के विशेष महानिदेशक (SDG) संदीप खिरवार को देखा जा सकता है। इस वीडियो में वह किश्तवाड़ में लापता हुए दो एसपीओ के शव मिलने पर कह रहे हैं, “मैं बस इतना कह सकता हूं, मैं जो कह सकता हूं वह यह है कि किसी भी जवान, सुरक्षाबलों के किसी भी व्यक्ति के जीवन का हर नुकसान हम सभी के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। और हम सभी शहीदों के प्रति अपना अत्यधिक सम्मान व्यक्त करते हैं, और हम उनके परिवारों के साथ खड़े हैं, और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें न्याय मिले, परिवारों को न्याय मिले। और बस इतना ही।”

इस वीडियो में हमें वायरल बयान नहीं सुनाई दिया।

इस आधार पर कीवर्ड से गूगल सर्च करने पर हमें ‘सीआरपीएफ श्रीनगर’ के एक्स हैंडल से की गई पोस्ट मिली, जिसे ऐसी ही एक वायरल पोस्ट के जवाब में 17 नवंबर 2026 को किया गया था। इसके अनुसार, “यह दावा झूठा और भ्रामक है। वीडियो में डिजिटल तरीके से छेड़छाड़ की गई है। इसमें सीआरपीएफ के एसडीजी संदीप खिरवार के नाम पर मनगढ़ंत टिप्पणी की गई थी। संदीप खिरवार कश्मीर पुलिस प्रमुख नहीं हैं। यह गलत सूचना फैलाने और भारत विरोधी कहानी बनाने का एक प्रयास है।”

असली वीडियो में एआई से छेड़छाड़ की संभावना को देखते हुए हमने वायरल हो रहे वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स से चेक किया। सबसे पहले हमने इसे ‘diopter’ पर अपलोड किया। इसमें वीडियो के ऑडियो के करीब 99 फीसदी एआई-निर्मित होने की संभावना निकली।

इसके बाद हमने वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल ‘aurigin’ पर अपलोड किया। इसमें भी वीडियो के एआई से बने होने की संभावना 82 परसेंट जताई गई।

अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। डीएयू की एनालिसिस के अनुसार, ‘हिया’ से चेक करने पर भी इसका ऑडियो 96 फीसदी एआई संभावित निकला।

इससे यह साफ हो गया कि वायरल हो रहा वीडियो डीपफेक है।

क्या है संदर्भ?

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में 11 नवंबर 2026 को गोलीबारी की सूचना के बाद दो एसपीओ रशपाल सिंह और बॉबी चंद लापता हो गए थे। ‘आजतक’ की वेबसाइट पर 15 नवंबर 2026 को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षाबल के जवानों को मौके से करीब दो किलोमीटर दूर 12 नवंबर को दोनों के शव मिले थे। दोनों जवानों के पार्थिव शरीरों को उनके गांव भेजा गया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक शगुन परिहार ने आरोप लगाया था कि दोनों शवों को बिना ताबूत के एक डंपर में रखकर गांव लाया गया था।

हमने डीपफेक वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में स्कैन किया। एक विशेष विचारधारा से प्रभावित इस यूजर का अकाउंट फरवरी 2015 में बना था और इसकी लोकेशन यूनाइटेड किंगडम दी गई है। यूजर के 27 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: शहीद एसपीओ के पार्थिव शरीरों के बारे में बोलते सीआरपीएफ के एसडीजी संदीप खिरवार का वीडियो डीपफेक है। असली वीडियो में एआई-निर्मित ऑडियो जोड़कर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : कश्मीर के पुलिस प्रमुख ने कहा कि जवानों के शवों को कचरा उठाने वाली गाड़ी से भेजना पड़ा था।
  • Claimed By : X User- Dr Sangram Gokulsingh Patil
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later