X
X

Fact Check: छत्तीसगढ़ के कुरूद में भाजपा का झंडा स्वतंत्रता दिवस पर नहीं, बल्कि पार्टी के कार्यक्रम में फहराया गया था

छत्तीसगढ़ के कुरूद में भाजपा नेताओं ने 22 मार्च 2026 को पार्टी के एक कार्यक्रम में भाजपा का झंडा फहराया था। उस कार्यक्रम के वीडियो को अब स्वतंत्रता दिवस 2026 का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।

BJP flag Kurud, Kurud Chhattisgarh viral video, BJP flag hoisting video, Independence Day 2026, Chhattisgarh viral video

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश में 15 अगस्त 2026 को 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कई जगह ध्वजारोहण हुआ था। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें भाजपा का झंडा फहराते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ के कुरूद शहर में स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज की जगह पार्टी का झंडा फहराया था।

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा गलत निकला। दरअसल, वीडियो 22 मार्च 2026 का है, जब भाजपा के एक कार्यक्रम में पार्टी का झंडा फहराया गया था।

क्या है वायरल पोस्ट?

एक्स यूजर ‘Gen-Z of India’ ने 15 अगस्त 2026 को वीडियो को एक पोस्ट (आर्काइव लिंक) शेयर करते हुए लिखा, “तिरंगे का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता…यह वीडियो छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद नगर पालिका परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद मंगल भवन का है। स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा कार्यकर्ता पार्टी का झंडा फहरा रहे हैं।”

वायरल वीडियो को इसी दावे के साथ कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिय श्रीनेत ने भी 15 अगस्त 2026 को शेयर किया (आर्काइव लिंक) है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल लेंस से सर्च किया। हमें इंस्टाग्राम यूजर ‘भानु चंद्राकर’ की 15 अगस्त 2026 की एक पोस्ट मिली, जिसमें स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा गया था कि यह तस्वीर 22-23 मार्च 2026 को कुरूद नगर के स्वामी विवेकानंद मंगल भवन में हुए भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम की है, जिसे गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। साथ ही यह भी लिखा गया कि उन्होंने भाजपा कुरूद संगठन के पदाधिकारियों के साथ पुलिस थाने में इस मामले में शिकायत दी है। पोस्ट में भानु चंद्राकर ने खुद को कुरूद का विधायक प्रतिनिधि बताया है।

हमने इस इंस्टा अकाउंट को स्कैन किया तो हमें 23 मार्च 2026 को वायरल वीडियो पोस्ट किया हुआ मिला। इसमें लिखा है, “पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान कुरूद मंडल का प्रशिक्षण 22-23 मार्च के लिए स्वामी विवेकानंद मंगल भवन परिसर में ‘यशवंत राव स्मृति सभागार कार्यक्रम स्थल पर’ भाजपा के ध्वज का ध्वजारोहण कर अतिथियों, वक्ताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के द्वारा शुभारंभ किया गया।”

कुरूद से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने इस कार्यक्रम की कुछ तस्वीरों को 22 मार्च 2026 को पोस्ट किया था। इनमें वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को भी देखा जा सकता है। इसमें लिखा है, “आज कुरूद में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026 के अंतर्गत आयोजित मंडल स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में भाजपा के ध्वज का ध्वजारोहण कर एवं महापुरुषों व भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया।”

‘भानु चंद्राकर’ ने 16 अगस्त 2026 को कुरूद नगर पालिका में स्वतंत्रता दिवस पर हुए कार्यक्रम का वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें राष्ट्रीय ध्वज को फहराते हुए देखा जा सकता है।

इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने भाजपा के उस कार्यक्रम में मौजूद रहे कुरूद के विधायक अजय चंद्राकर से संपर्क किया। उन्होंने कहा, “यह पार्टी के कार्यक्रम का वीडियो था, जिसे स्वतंत्रता दिवस का बताकर दुष्प्रचार किया जा रहा है। इस मामले में हमने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पवन खेड़ा और जयराम नरेश के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।

क्या है संदर्भ?

15 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस दौरान देश भर में कार्यक्रम आयोजित किए गए और ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया।

इससे जोड़कर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की एक फेक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें उन्हें उल्टा तिरंगा पकड़े हुए दिखाया गया था, जबकि असली फोटो में वह तिरंगा सही तरीके से पकड़े हुए नजर आ रहे थे।

पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। अगस्त 2020 से सक्रिय इस अकाउंट के करीब 17 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: छत्तीसगढ़ के कुरूद में भाजपा नेताओं ने 22 मार्च 2026 को पार्टी के एक कार्यक्रम में भाजपा का झंडा फहराया था। उस कार्यक्रम के वीडियो को अब स्वतंत्रता दिवस 2026 का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।

  • Claim Review : छत्तीसगढ़ के कुरूद शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस पर पार्टी का झंडा फहराया।
  • Claimed By : X User- Gen-Z of India
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later