Fact Check: मां पर अपशब्द कहे जाने के मामले में PM मोदी की प्रतिक्रिया के दावे से वायरल बयान FAKE है
बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान मां के बारे में अपशब्द कहे जाने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह नहीं कहा कि बिहार चुनाव राज्य की समस्याओं और उनसे जुड़े मुद्दों पर नहीं, बल्कि 'मां की गाली' पर लड़ा जाएगा। उन्होंने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए यह जरूर कहा था कि वे एक बार गाली देने वाले व्यक्ति को माफ कर सकते हैं, लेकिन भारत की धरती ने मां का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं किया है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Sep 8, 2025 at 05:13 PM
- Updated: Sep 8, 2025 at 05:16 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां के बारे में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने के विवाद के बाद सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर उनके नाम से कथित बयान का इन्फोग्राफिक्स वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि उन्होंने आपत्तिजनक बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि इस बार बिहार का चुनाव राज्य के मुद्दों की बजाए ‘मां की गाली’ पर लड़ा जाएगा।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार चुनाव को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया। हालांकि, उन्होंने इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वे बिहार की जनता के सामने उनकी मां को गाली देने वाले के लिए यह कहना चाहते हैं कि मोदी उन्हें माफ कर सकता है, लेकिन भारत की जनता इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Savio Cardoz’ ने वायरल इन्फोग्राफिक्स (आर्काइव लिंक) को शेयर किया है, जिसमें नरेंद्र मोदी के बयान “इस बार बिहार का चुनाव मां की गाली पर लड़ा जाएगा!”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस इन्फोग्राफिक्स को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल दावे के आधार पर किए गए न्यूज सर्च में हमें ऐसी कई वीडियो रिपोर्ट्स मिली, जिसमें पीएम मोदी की दिवंगत मां के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में उनकी प्रतिक्रिया को सुना जा सकता है।
बिजनेस स्टैंडर्ड के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर मौजूद रिपोर्ट्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार में विपक्षी दलों के मंच से उनकी दिवंगत मां हीराबेन के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने के मामले में प्रतिक्रिया देते हुए सुना जा सकता है।
उन्होंने कहा, “इस समृद्ध परंपरा वाले बिहार में कुछ दिन पहले जो हुआ, उसकी मैंने कभी कल्पना तक नहीं की थी। किसी बिहार के मेरे भाई बहन ने कल्पना नहीं की होगी। हिंदुस्तान के किसी व्यक्ति ने कल्पना नहीं की होगी। बिहार में आरजेडी-कांग्रेस के मंच से मेरी मां को गालियां दी गई। यह गालियां सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं है। यह देश की मां, बहन, बेटी का अपमान है। मुझे पता है आप सबको भी बिहार के हर मां को, बिहार की हर बेटी को, बिहार के हर भाई को, यह देख सुनकर कितना बुरा लगा है। मैं जानता हूं इसकी जितनी पीड़ा मेरे दिल में है उतनी ही तकलीफ मेरे बिहार के लोगों को भी है।”
इसी आधार पर हमें उनके इस भाषण का पूरा वीडियो मिला, जो नरेंद्र मोदी के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर मौजूद है। इसके आगे वह कहते हैं, “मैं बिहार की जनता के सामने मां को गाली देने वालों से कहना चाहता हूं, मोदी तो तुम्हें एक बार माफ कर भी देगा, लेकिन भारत की धरती ने मां का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं किया है।”
पीएम मोदी बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड के उद्धाटन के मौके पर बोल रहे थे और इसी दौरान उन्होंने पहली बार इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी थी।
वायरल इन्फोग्राफिक्स में पीएम मोदी की जिस तस्वीर के साथ उनके नाम से फेक बयान को शेयर किया गया है, वैसी ही तस्वीर हमें टीवी9भारतवर्ष के आधिकारिक सोशल मीडिया पर मिली, जिसमें इस मुद्दे पर पीएम मोदी की प्रतिक्रिया का जिक्र है। इस इन्फोग्राफिक्स में पीएम मोदी के “मेरी मां जीवित नहीं फिर भी अपशब्द कहे गए” बयान का जिक्र है।
इसी इन्फोग्राफिक्स को एडिट कर उसे फेक बयान के साथ शेयर किया जा रहा है। निम्न कोलाज में ऑरिजिनल और फेक इन्फोग्राफिक्स के बीच के अंतर को देखा जा सकता है।

वायरल बयान को लेकर हमने दैनिक जागरण, बिहार के स्थानीय संपादक अश्निनी सिंह से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।”
वायरल इन्फोग्राफिक्स को शेयर करने वाले यूजर को एक्स पर करीब 17 हजार लोग फॉलो करते हैं। बिहार चुनाव से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के पॉलिटिक्स और चुनाव सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान मां के बारे में अपशब्द कहे जाने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह नहीं कहा कि बिहार चुनाव राज्य की समस्याओं और उनसे जुड़े मुद्दों पर नहीं, बल्कि ‘मां की गाली’ पर लड़ा जाएगा। उन्होंने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए यह जरूर कहा था कि वे एक बार गाली देने वाले व्यक्ति को माफ कर सकते हैं, लेकिन भारत की धरती ने मां का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं किया है।
- Claim Review : पीएम मोदी ने कहा कि इस बार बिहार का चुनाव मां की गाली पर लड़ा जाएगा।
- Claimed By : X User-Savio Cardoz
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












