Fact Check: डायबिटिज पर बात करते मुकेश अंबानी का यह वीडियो फर्जी, ऑडियो से की गयी है छेड़छाड़
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो में मुकेश अंबानी का ऑडियो असली नहीं है और इसे AI की मदद से बनाया गया है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Apr 10, 2025 at 05:22 PM
- Updated: Apr 17, 2025 at 05:02 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्हें कथित तौर पर डायबिटिज को लेकर बात करते सुना जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक ने डायबिटिज पर काबू पाने को लेकर ये बयान दिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल वीडियो फर्जी है और इसके ऑडियो को बदला गया है।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर Axel Powlowski ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर किया। वीडियो में मुकेश अंबानी कथित तौर पर बोल रहे हैं “हर घंटे शुगर लेवल में उतार चढाव आपकी ऊर्जा ख़तम कर देता है और डायबिटिक वजन आजीवन कैद जैसा महसूस होता है, लेकिन जरा सोचए अगर आप किचन में जाए और फ्रिज खोलें तो आपको वही एक चीज़ दिखेगी जो डाइबिटिज से हमेशा के लिए छुटकारा दिला सकती है, यकीन मानिये अगर आपने ये वीडियो पूरा नहीं देखा तो आप खुद को कोसेंगे। याद कीजिये वो बेफिक्र दिन जब आप जो चाहें खा सकते थे, 10 साल छोटे दिखते थे और आपको ग्लूकोमीटर के बारे में कुछ भी पता नहीं था। उस वक़्त आपकी पैंक्रियाज स्वाभाविक रूप से ब्लड शुगर को नियंत्रित करती थी। लेकिन समय के साथ सब बदल गया। आपका मेटाबोलिज्म धीमा पड़ गया, इंसुलिन रेजिस्टेंस बढ़ने लगी और अचानक डायबिटिज ने आपकी जिंदगी पर कब्ज़ा कर लिया। लेकिन अगर मैं आपसे कहूं इसे रोकने का एक तरीका है। एक साधारण फल जिसे आप हर दिन देखने हैं आपकी पैंक्रियाज को रिसेट कर सकता है। आपके मेटाबॉलिज्म को बहाल कर सकता है और आपके ब्लड शुगर को अगले सोमवार तक आदर्श 90 तक ला सकता है, और सबसे अच्छी बात, न कोई मेटफोर्मिन, न कोई सख्त डाइट, नहीं दर्दनाक फिंगर पिरक्स। मैंने वैज्ञानिकों की एक टीम इकट्ठा की है जिसकी अगुआई भारत के शीर्ष एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ देवी शेट्टी कर रहे हैं। उन्होंने आपके लिए इस विधि का वीडियो रेसिपी तैयार किया है।”
वीडियो को शेयर करते हुए यूजर ने लिखा है “वीडियो देखने के लिए क्लिक करें। अगर आप कल सुबह अपने रक्त शर्करा स्तर को 90 मिलीग्राम प्रति डेसिलिटर के साथ जगना चाहते हैं, मेटफोर्मिन या अन्य दवाओं को छोड़ना चाहते हैं, अपनी पसंदीदा खाद्य पदार्थों को फिर से खाना चाहते हैं, ऊर्जा से भरपूर रहना चाहते हैं, खेलकूद करना चाहते हैं, अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताना चाहते हैं बिना मधुमेह के परिणामों से डर के, तो मैं आपको सिर्फ 2 मिनट में समाधान दूंगा।”
पड़ताल
इस पोस्ट की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह पूरा वीडियो रिलायंस के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल रिलायंस अपडेट्स पर 15 दिसंबर 2020 को अपलोड मिला। वीडियो की शुरुआत में फेसबुक के फाउंडर मार्क जुकरबर्ग को देखा जा सकता है और इसके बाद मुकेश अंबानी को देखा जा सकता है। वीडियो में 4 मिनट के बाद वायरल क्लिप वाला हिस्सा देखा जा सकता है। यहां साफ़ सुना जा सकता है कि वे कोविड को लेकर बात कर रहे हैं। पूरे वीडियो में उन्होंने डायबिटिज को लेकर ऐसी कोई बात नहीं कही। वीडियो के साथ डिस्क्रिप्शन लिखा था- “रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक श्री मुकेश अंबानी और फेसबुक के अध्यक्ष और सीईओ श्री मार्क जुकरबर्ग ने भारत के बारे में अपनी उत्सुकता साझा की और बताया कि कैसे डिजिटल आर्थिक प्रगति को गति दे सकता है।”
हमें मार्क जुकरबर्ग और मुकेश अंबानी की बातचीत का यह वीडियो CNN-News18 के यूट्यूब चैनल पर भी 15 दिसंबर 2020 को अपलोड मिला। डिस्क्रिप्शन में लिखा था “फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग को आरआईएल के चेयरमैन मुकेश अंबानी के साथ भारत के डिजिटल सपने और महामारी के बीच भारत के विकास को आकार देने और फेसबुक किस तरह इस विकास को बढ़ावा दे रहा है, इस पर एक विशेष बातचीत में देखें।”
वायरल वीडियो को लेकर हमने अपने सहयोगी डीएयू (एमसीए की पहल) से संपर्क किया। डीएयू की एक्सपर्ट टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया। डीएयू टीम ने ऑडियो की जांच के लिए एआई आधारित विभिन्न टूल्स का इस्तेमाल किया। Hive AI ने पूरी ऑडियो ट्रैक के AI-generated होने की संभावना 99 प्रतिशत बताई। एक दूसरे टूल डीपफेक-ओ-मीटर के दो क्लासिफायरस ने भी इसके AI निर्मित होने के हाई कॉन्फिडेंस स्कोर दिए।

ElevenLabs के स्पीच क्लासिफायर ने संकेत दिए कि यह ऑडियो ट्रैक संभवतः इसी प्लेटफॉर्म का उपयोग करके बनाया गया है।

साथ ही, Hiya टूल ने भी वीडियो के AI निर्मित होने के संकेत दिए।

हमने इस बारे में पुष्टि के लिए एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे से भी बात की। उन्होंने भी ऑडियो के AI निर्मित होने की पुष्टि की।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर Axel Powlowski को फेसबुक पर 411 लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो में मुकेश अंबानी का ऑडियो असली नहीं है और इसे AI की मदद से बनाया गया है।
- Claim Review : डाइबिटिज पर बात करते मुकेश अंबानी
- Claimed By : Facebook user Axel Powlowski
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












