X
X

Fact Check: अमरोहा में परिवार पर हमले के मामले में नहीं है कोई सांप्रदायिक एंगल

उत्तर प्रदेश के अमरोहा के गांव बागड़पुर कला में मामूली कहासुनी के बाद एक परिवार के लोगों ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया था। इस मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं था। 

Amroha Family Attack, Amroha News, Amroha Police Statement, Fact Check, UP News

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के अमरोहा से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दो पक्ष के लोगों को लड़ते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे सांप्रदायिक रंग देते हुए शेयर कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के अमरोहा में दबंगों ने मुस्लिम परिवार को घर में घुसकर पीटा।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि यह वीडियो अमरोहा के बागड़पुर कला गांव का है, जहां मामूली कहासुनी के बाद एक परिवार के सदस्यों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया था। इस मामले में दोनों ही परिवार मुस्लिम हैं।    

वायरल पोस्ट

थ्रेड यूजर ishraque_azmi_786 ने 25 फरवरी को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

“उत्तर प्रदेश का क़हर देखिए गिरफ्तारी तक पोस्ट रुकना नहीं चाहिए एक मुस्लिम परिवार को घर में घुसकर बुरी तरह दबंगों द्वारा बेरहमी से पीटा जा रहा है!!

वायरल वीडियो अमरोहा के देहात थाना क्षेत्र के बागड़पुर कला का मामला बताया जा रहा है!!”

एक्स यूजर NATION MUSLIM ने भी 25 फरवरी को इस वीडियो को समान दावे के साथ पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है।

https://twitter.com/AmjadAsR/status/1894112510447399159

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। 25 फरवरी के दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर इससे संबंधित खबर छपी है। इसमें वायरल वीडियो की क्लिप्स को भी देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, वीडियो अमरोहा के देहात थाना क्षेत्र के बागड़पुर कला गांव का है, जहां दबंगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया था। इस हमले में कुछ लोग घायल हुए हैं।

25 फरवरी को लाइव हिन्दुस्तान की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक, बागड़पुर कला गांव शमशुद्दीन अली का परिवार रहता है। गांव के ही अकबर अली के बच्चों से शमशुद्दीन के बच्चों का विवाद हो गया। इसके बाद अकबर, उसकी पत्नी कुलसूम, बेटी निशा और बेटे शाहरुख खान ने शमशुद्दीन के घर में घुसकर उसकी पत्नी नगमा, बेटी सारिक और बेटे फाजिल पर हमला कर दिया।

दैनिक जागरण के अमरोहा संस्करण में भी 26 फरवरी को इस बारे में खबर छपी है। इसके मुताबिक, पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

इस बारे में हमने अमरोहा देहात थाना प्रभारी बालेंद्र कुमार से संपर्क किया। उनका कहना है कि मामूली कहासुनी के बाद एक परिवार के लोगों ने दूसरे परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया था। इस मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसमें कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है। 

वीडियो को सांप्रदायिक दावे से शेयर करने वाले थ्रेड यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक राजनीतिक दल से जुड़े यूजर के 927 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: उत्तर प्रदेश के अमरोहा के गांव बागड़पुर कला में मामूली कहासुनी के बाद एक परिवार के लोगों ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया था। इस मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं था। 

  • Claim Review : उत्तर प्रदेश के अमरोहा में दबंगों ने मुस्लिम परिवार को घर में घुसकर पीटा।
  • Claimed By : Thread User- ishraque_azmi_786
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later