X
X

Fact Check: गुजरात के द्वारका में समुद्र के बीचोंबीच गुजरते ट्रेन का वायरल वीडियो क्रिएटेड है

भारत के गुजरात स्थित द्वारका में समुद्र के बीचों बीच गुजरते रेल का वीडियो वास्तविक नहीं, बल्कि एआई क्रिएटेड है। गुजरात के द्वारका में ऐसी कोई रेल लाइन नहीं है, जो समुद्र के बीचोंबीच गुजरती है।

  • By: Abhishek Parashar
  • Published: Jul 22, 2025 at 04:35 PM
  • Updated: Jul 23, 2025 at 04:02 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारत के गुजरात में द्वारका स्थित मंदिर को लेकर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि इस मंदिर तक की ट्रेन यात्रा चकित करने वाली है, जिसमें रेल लाइन समुद्र के बीचोंबीच से गुजरती है। इस दावे के साथ वायरल वीडियो में समुद्र के बीचोंबीच ट्रेन को दौड़ते हुए देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल वीडियो वास्तविक नहीं, बल्कि क्रिएटेड है। साथ ही गुजरात के द्वारका तक जाने वाली रेलवे लाइन समुद्र के बीचोंबीच से होकर नहीं गुजरती है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Knowledge Adda’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “भारत के गुजरात में द्वारका की ट्रेन यात्रा एक जादुई अनुभव है, जहां रेल पटरी समुद्र के बीचों-बीच गुजरती है।  लहरों के साथ दौड़ती ट्रेन से दिखते हैं मनमोहक समुद्री नजारे, जो किसी सपने जैसे लगते हैं!”

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट।

पड़ताल

वायरल वीडियो में दो ट्रेनों को समुद्र के बीचोंबीच से गुजरते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में नजर आ रहा विजुअल सहज और स्वाभाविक नहीं लगता है, जिससे इसके एआई क्रिएटेड होने का संदेह होता है। एआई टेक्नोलॉजी की आसान उपलब्धता की वजह से इन दिनों एआई क्रिएटेड फोटो और वीडियो की बाढ़ आ गई है। साथ ही जिस रफ्तार से दोनों ट्रेनें एक दूसरे की दिशा में दौड़ रही हैं, वह भी स्वाभाविक नहीं है। साथ ही एक ट्रेन जिसके इंजन ने इलेक्ट्रिकल एंटीना लगा हुआ है, वह बिना किसी बिजली के तार के संपर्क में आए ही पटरी पर दौड़ रही है। ये सारे संकेत इस वीडियो के क्रिएटेड होने के संकेत देते हैं।

यह वायरल वीडियो का एक फ्रेम है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक ट्रेन जिसके इंजन में इलेक्ट्रिकल एंटीना लगा हुआ है, वह बिजली के तार के संपर्क में नहीं है।

इसलिए हमने इस वीडियो की प्रमाणिकता को चेक करने के लिए एआई डिटेक्टर्स टूल की मदद ली। बफलो यूनिवर्सिटी के डीपफेक-ओ-मीटर के इंडिकेटर्स पर चेक किया और इनमें से कुछ इंडिकेटर्स ने इस वीडियो के एआई से क्रिएटेड होने की संभावना जताई।

कई अन्य टूल्स की एनालिसिस भी इस वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जाहिर करती है। हालांकि, वीडियो की क्वालिटी निम्न होने की वजह से टूल्स इस वीडियो के एआई से बने होने अधिकतम संभावना की पुष्टि नहीं करते हैं और उनके नतीजों में भी फर्क नजर आता है।

इसलिए हमने द्वारका तक जाने वाली ट्रेनें और सोशल मीडिया पर यूजर्स की तरफ से शेयर किए गए वीडियो को चेक किया। हमें द्वारका तक जाने वाली ऐसी किसी ट्रेन रूट का वीडियो नहीं मिला।

देवभूमि द्वारका की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, विमान, ट्रेन और बस के जरिए गुजरात के द्वारका शहर पहुंचा जा सकता है।  द्वारका के लिए नजदीकी एयरपोर्ट जहां जामनगर और पोरबंदर एयरपोर्ट है, वहीं ट्रेन संपर्क के लिहाज से यह शहर देश के कई शहरों से द्वारका रेलवे स्टेशन के जरिए सीधे जुड़ा हुआ है।

गुजरात पर्यटन की वेबसाइट पर भी इस द्वारका स्थित द्वारकाधीश मंदिर (जगत मंदिर) तक पहुंचने के रास्तों का जिक्र है। यू-ट्यूब पर ऐसे कई वीडियो, ब्लॉग्स मौजूद है, जिसमें इस मंदिर तक पहुंचने के लिए नजदीकी ट्रेन स्टेशन के तौर पर द्वारका का जिक्र है।

वायरल वीडियो को लेकर हमने हमारे सहयोगी गुजराती जागरण के डिप्टी एडिटर राजेंद्र सिंह परमार से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि ऐसी कोई रेल सेवा द्वारका में उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि द्वारका तट से दूर बेट द्वारका एक छोटा द्वीप है, जहां ओखा के रास्ते पहुंचा जा सकता है और यहां भी मंदिर है। फरवरी 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुदर्शन सेतु का उद्घाटन किया था, जो ओखा और बेट द्वारका के बीच की दूरी को काफी कम कर देता है। कई न्यूज रिपोर्ट्स में भी सुदर्शन सेतु के उद्धाटन का जिक्र है।

गूगल मैप पर हमें द्वारका तक के रास्ते की स्थलाकृति को चेक किया और पाया कि ऐसा कोई परिवहन मार्ग नहीं है, जो समुद्र के बीचोंबीच से होकर गुजरता है।

इससे पहले भी सोशल मीडिया पर इंजीनियरिंग का नायाब नमूना बताते हुए कर्नाटक के सकलेशपुर के रेलवे लाइन का वीडियो वायरल किया गया था, जिसे हमने अपनी जांच में एआई क्रिएटेड पाया था।

निष्कर्ष: भारत के गुजरात स्थित द्वारका में समुद्र के बीचों बीच गुजरते रेल का वीडियो वास्तविक नहीं, बल्कि क्रिएटेड है। गुजरात के द्वारका में ऐसी कोई रेल लाइन नहीं है, जो समुद्र के बीचोंबीच गुजरती है।

  • Claim Review : गुजरात के द्वारका में समुद्र के बीचों बीच से होकर गुजरी ट्रेनें।
  • Claimed By : FB User-Knowledge Adda
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later