Fact Check: महिला को आपत्तिजनक तरीके से छूने वाले व्यक्ति नहीं हैं अजरबैजान के प्रधानमंत्री
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि इस वीडियो में दिख रहा व्यक्ति अजरबैजान का एक सांसद था, जिसे इस घटना के बाद बर्खास्त कर दिया गया था। यह व्यक्ति अजरबैजान के प्रधानमंत्री नहीं हैं।
- By: Pallavi Mishra
- Published: May 21, 2025 at 05:57 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव जारी है। इस बीच तुर्किए और अजरबैजान का पाकिस्तान का खुलकर समर्थन किए जाने किए जाने के बीच सोशल मीडिया यूजर्स एक वीडियो को शेयर कर रहे हैं, जिसमें एक व्यक्ति को महिला के साथ आपत्तिजनक हरकत करते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में ऐसा करता दिख रहा व्यक्ति अजरबैजान के प्रधानमंत्री हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो 2021 का है। इस क्लिप में दिख रहा व्यक्ति अजरबैजान का एक सांसद था, जिसे इस घटना के बाद उनके पद से बर्खास्त कर दिया गया था।
क्या है वायरल पोस्ट में
Sanatan Bharat नाम के फेसबुक पेज ने वायरल वीडियो को 18 मई 2025 को शेयर किया और साथ में लिखा “ठरकी बुड्ढा; ये #अज़रबैजान का प्रधानमंत्री है, इसके महिला PA पर हाथ घूमता हुआ ऑनलाइन ज़ूम मीटिंग में कैद हो गया…इन xxyyzz का मजहब देखो.. कितना गंदा है कि अपनी पोती की उम्र की बिटिया के साथ ये क्या हरकत कर रहा है.! #azarbaijan”
वीडियो में यह व्यक्ति एक ऑफिस में बैठा है, जिसके पीछे एक महिला आती है और कुछ फाइलें रखने लगती है, जिसके बाद यह व्यक्ति उस महिला को गलत तरीके से छूता है। हालांकि, यह अहसास होने पर कि वह ऑनलाइन लाइव मीटिंग में है, वह अपना हाथ हटा लेता है।
एक और फेसबुक यूजर Jammu Hindus Against Rohingyas ने भी इस वीडियो को इसी दावे के साथ शेयर किया और साथ में हैशटैग बॉयकॉट अजरबैजान लगाया।
इस पोस्ट का आर्काइव लिंक यहाँ देखा जा सकता है।

पड़ताल
यह वीडियो एक बार पहले भी फर्जी दावे के साथ वायरल हो चुका है। उस समय भी विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की थी। उस समय हमें इस मामले पर एक खबर पनामा टाइम्स की वेबसाइट पर मिली थी। इस खबर के साथ वायरल वीडियो भी एम्बेडेड था। खबर में दी गई जानकारी के अनुसार, “अजरबैजान के पूर्व सांसद और विश्वविद्यालय के प्रोफेसर हुसैनबाला मिरालामोव को एक महिला कर्मचारी को अनुचित तरीके से छूने के कारण निकाल दिया गया था।”
इस घटना को लेकर मिरालामोव ने unikal.org को अप्रैल 2021 में दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि यह घटना जनवरी 2021 में विश्वविद्यालय के एक सम्मेलन के दौरान हुई थी।
की-वर्ड्स से ढूंढ़ने पर पता चला कि हुसैनबाला मिरालामोव अजरबैजान के सांसद थे पर इस घटना के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया।
बताते चलें कि वर्तमान में अजरबैजान के प्रधानमंत्री अली असदोव हैं। असदोव 2019 से अजरबैजान के प्रधानमंत्री हैं। असदोव और मिरालामोव के नैन नक्श में अंतर नीचे दिए गए कोलाज में देखा जा सकता है।

इस विषय में हमने unikal.org के वेब एडिटर मार्टिल अज़ुकि से भी संपर्क किया था और उन्होंने हमें बताया था, “वीडियो में दिख रहा व्यक्ति हुसैनबाला मिरालामोव है। मिरालामोव अजरबैजान के प्रधानमंत्री नहीं थे। वायरल हो रहा दावा फर्जी है।”
इस फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Sanatan Bharat के 4500 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि इस वीडियो में दिख रहा व्यक्ति अजरबैजान का एक सांसद था, जिसे इस घटना के बाद बर्खास्त कर दिया गया था। यह व्यक्ति अजरबैजान के प्रधानमंत्री नहीं हैं।
- Claim Review : अजरबैजान के प्रधानमंत्री ने महिला को आपत्तिजनक तरीके से टच किया
- Claimed By : Facebook User Sanatan Bharat
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












