Fact Check: भगवान राम की तस्वीर वाली ट्रेन की यह वायरल पोस्ट AI निर्मित है
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल तस्वीर असली नहीं है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) निर्मित है। इसे सच मानकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: May 30, 2025 at 06:00 PM
- Updated: May 30, 2025 at 06:51 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें एक ट्रेन पर भगवान राम की तस्वीर के साथ ‘श्री राम’ नाम लिखा हुआ नजर आ रहा है। कुछ यूजर्स इस फोटो को असली समझकर शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वंदे भारत ट्रेन की तस्वीर है, जिसमें “श्री राम” का नाम लिखा गया है।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल तस्वीर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) निर्मित है। जिसे असली समझकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर Swapan Mistry ने 29 मई 2025 को वायरल फोटो को शेयर किया है और लिखा है,”नया भारत, मजबूत भारत
सांस्कृतिक विरासत को सहेजता भारत
वंदे भारत ट्रेन पर लिखा गया “श्री राम” #जय_श्री_राम “

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस फोटो को असली समझकर शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल तस्वीर में बहुत-सी खामियां नजर आ रही हैं। जैसे- ट्रेन का हैंडल, दरवाजा और इसमें लिखी हुई भाषा। इससे हमें फोटो सिंथेटिक लगी।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने फोटो को एआई की मदद से बने मल्टीमीडिया की जांच करने वाले टूल्स की मदद से सर्च किया। हमने हाइव मॉडरेशन पर फोटो को अपलोड किया। इस टूल ने फोटो के 96.1 फीसदी तक एआई जेनरेटेड होने की संभावना बताई।

हमने तस्वीर को एक अन्य टूल wasitai के द्वारा सर्च किया। इस टूल पर भी फोटो के एआई निर्मित होने की संभावना जाहिर की गई।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल फोटो को ध्यान से देखा। यहां हमें ‘The Rail Pilot’ लिखा हुआ नजर आया। हमने गूगल पर इस बारे में सर्च किया। हम the_rail_pilot नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पहुंचे। यहां इस वायरल ट्रेन की फोटो को 26 मई 2025 को शेयर किया गया है। फोटो के कैप्शन में लिखा हुआ है,”A life devoted to Lord Ram is a life filled with blessings! “Jay Shree Ram” May the light of righteousness guide your path!How it will be! If Indian Railways make such Livery! These Pictures are Totally made with Artificial Intelligence (AI)”

इस पेज पर हमें विराट कोहली,महेंद्र सिंह धोनी, रजनीकांत और डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की फोटो वाली ट्रेन की एआई इमेज भी मिली।

हमने वायरल पोस्ट को एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे के साथ शेयर किया। उन्होंने फोटो को एआई निर्मित बताया। ट्रेन की बनावट अजीब है। इसके सामने की बनावट और दरवाजे को देखने से साफ़ पता चलता है कि यह असली नहीं है।
सर्च करने पर हमें udayindia.in और newsbharati.com की वेबसाइट पर मार्च 2024 को प्रकशित खबरें मिली, जिसमें बताया गया,”न्यू गुवाहाटी शेड 40603 WDP4D लोकोमोटिव पर श्री राम की तस्वीर अंकित की गई।”
इस के साथ हमें कई यूट्यूब वीडियो भी मिले, जिनमें श्री राम की तस्वीर को देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर आप एआई दावों से जुड़ी फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विस्तार से पढ़ सकते हैं।
अंत में हमने फोटो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला यूजर को एक हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल तस्वीर असली नहीं है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) निर्मित है। इसे सच मानकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : वंदे भारत ट्रेन पर श्री राम की तस्वीर
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Swapan Mistry
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












