Fact Check: पुलिसकर्मियों के डांस का वीडियो गणपति विसर्जन का, बंगाल चुनाव का नहीं
पुलिसकर्मियों के डांस करने के वीडियो को लेकर किया जा रहा वायरल दावा गलत साबित हुआ। असल में यह वीडियो साल 2022 का है और महाराष्ट्र के कोल्हापुर का है, जब गणपति विसर्जन के दौरान पुलिसकर्मी डांस करते हुए नजर आए थे।
- By: Pragya Shukla
- Published: May 6, 2026 at 04:24 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों के डांस करने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से जोड़कर शेयर किया जा रहा है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जीतने पर पुलिसकर्मियों ने डांस करके जश्न मनाया।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत साबित हुआ। असल में वीडियो का बंगाल चुनाव के नतीजों से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो साल 2022 का है और महाराष्ट्र के कोल्हापुर का है। गणपति विसर्जन के दौरान तब पुलिसकर्मी डांस करते नजर आए थे।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Julie Sharma’ ने 5 मई 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “चुनाव आयोग पर सवाल उठाने वाले और EVM hack की दुहाई लगाने वाले जरा मुझे ये बताए कि इन पुलिसवालों को किसने हेक किया है … जो बीजेपी के जितने पर इतने खुश है जैसे आज देश आजाद हुआ हो!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Mahesh Jakkani’ नाम के यूट्यूब चैनल पर 11 सितंबर 2022 को अपलोड किया हुआ मिला। कैप्शन में वीडियो को कोल्हापुर में गणपति विसर्जन के दौरान का बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Yash Arate vlogs’ नाम के यूट्यूब चैनल पर 10 सितंबर 2022 को अपलोड किया हुआ मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो महाराष्ट्र के कोल्हापुर में हुए गणपति विसर्जन का है। हमने यह भी पाया कि इस वीडियो में कोई अन्य गाना बज रहा है, जिसे वायरल वीडियो में एडिट कर बंगाल में बीजेपी के कैंपेन के गाने से बदल दिया गया है।
इस यूट्यूब चैनल को खंगालने पर हमें इससे मिलते-जुलते कई अन्य वीडियो इसी जानकारी के साथ चैनल पर अपलोड किए हुए मिले।
जांच के दौरान हमें दावे से जुड़ी कई न्यूज रिपोर्ट्स मिलीं। इन न्यूज रिपोर्ट्स को सितंबर 2022 में प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र में दो साल के बाद गणपति महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान गणपति विसर्जन के समय पुलिसकर्मियों के जश्न मनाने के कई वीडियो वायरल हुए।
अधिक जानकारी के लिए हमने महाराष्ट्र के स्थानीय पत्रकार वरुण सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो पुराना है। गणपति महोत्सव के दौरान इस तरह के वीडियो सामने आते हैं।
क्या है संदर्भ?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 207 सीटों पर जीत मिली है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई है, जबकि कांग्रेस और आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) को दो-दो सीटों पर जीत हासिल हुई है। CPI(M) और ऑल इंडियन सेकुलर फ्रंट (AISF) को एक-एक सीट मिली है। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर इन नतीजों को देखा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 19 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में पुलिसकर्मियों के डांस करने के वीडियो को लेकर किया जा रहा वायरल दावा गलत साबित हुआ। असल में यह वीडियो साल 2022 का है और महाराष्ट्र के कोल्हापुर का है, जब गणपति विसर्जन के दौरान पुलिसकर्मी डांस करते हुए नजर आए थे।
- Claim Review : बंगाल में बीजेपी की जीत के बाद जश्न मनाते नजर आए पुलिसकर्मी।
- Claimed By : FB User Julie Sharma’
- Fact Check : झूठ
- Youtube Video by Mahesh Jakkani, Posted on 12 Sep 2022
- Youtube Video by Yash Arate vlogs, Posted on 12 Sep 2022
- News Report by Ndtv, Published on 12 Sep 2022
- Election Commission Of India
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












