Fact Check: राहुल गांधी को पीएम बनाने की बात करते जेडीयू विधायक अनंत सिंह का वायरल वीडियो 2019 का है
राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की बात करते जेडीयू विधायक अनंत सिंह का वायरल वीडियो जनवरी 2019 का है। उस समय वह मोकामा से निर्दलीय विधायक थे।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Oct 7, 2026 at 04:30 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मोकामा के विधायक और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के नेता अनंत सिंह ने प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है। इस बीच अनंत सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि अब लोग लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएंगे। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि अनंत सिंह ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की तो पता चला कि यह वीडियो जनवरी 2019 का है, जब अनंत सिंह निर्दलीय विधायक थे और उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने का दावा किया था। वर्तमान में अनंत सिंह जेडीयू में हैं। जनवरी 2019 का उनका वीडियो शेयर कर भ्रामक दावा किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘anuragyadavpurvanchal’ ने 3 अक्टूबर 2026 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “Anant Singh बोले— जनता Rahul Gandhi को प्रधानमंत्री बनाकर उनका काम देखना चाहती है।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। यूट्यूब चैनल ‘News4Nation’ पर हमें ओरिजिनल वीडियो मिला, जिसे 31 जनवरी 2019 को अपलोड किया गया था। इसमें वायरल क्लिप के लंबे वर्जन को देखा जा सकता है। इस वीडियो न्यूज के अनुसार, “3 फरवरी को गांधी मैदान में होने वाली कांग्रेस की रैली के लिए मोकामा विधायक अनंत सिंह ने ताकत लगा दी है।” इसमें उन्हें यह भी कहते हुए सुना जा सकता है कि वह कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन पार्टी से फिलहाल ऐसी कोई बात नहीं की है।
‘आजतक’ की वेबसाइट पर 27 जनवरी 2019 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “3 फरवरी को पटना के गांधी मैदान में होने वाली कांग्रेस की रैली में अनंत सिंह के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर चर्चा चल रही है। दरअसल, आपराधिक छवि वाले मोकामा के निर्दलीय विधायक अनंत सिंह ने लोकसभा चुनाव मुंगेर सीट से लड़ने का ऐलान कर दिया है और इशारों ही इशारों में उन्होंने कई बार कहा है कि वह कांग्रेस के टिकट पर मुंगेर से चुनाव लड़ेंगे।”

बीबीसी’ की 2 अक्टूबर 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, “अनंत सिंह ने जेडीयू के टिकट पर 2005 और 2010 में विधानसभा चुनाव जीता था, लेकिन जून 2015 में बाढ़ इलाके में हुए एक अपहरण के मामले में वह गिरफ्तार हुए थे, जिसके बाद उन्होंने सितंबर 2015 में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। वर्ष 2020 में अनंत सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर चुनाव लड़ा था। विधानसभा चुनाव 2025 से पहले उन्होंने फिर से जेडीयू में वापसी की और चुनाव जीता।”

इस बारे में हमने ‘दैनिक जागरण’, पटना के रिपोर्टर प्रशांत कुमार से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो पुराना है। उस समय पटना में कांग्रेस की रैली होने वाली थी।
क्या है संदर्भ?
बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह का जन सुराज पार्टी के अनुज सिंह को समर्थन देने के बाद राजनीति गरमा गई है। ‘प्रभात खबर’ की वेबसाइट पर 6 अक्टूबर 2026 को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, “जेडीयू ने नीरज कुमार को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज ने अनुज सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है। अनंत सिंह खुलकर अनुज सिंह के समर्थन में आ गए हैं और प्रचार भी कर रहे हैं।”
पुराने वीडियो को हाल का मानकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। जुलाई 2026 में बने इस इंस्टाग्राम अकाउंट के 54 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की बात करते जेडीयू विधायक अनंत सिंह का वायरल वीडियो जनवरी 2019 का है। उस समय वह मोकामा से निर्दलीय विधायक थे।
- Claim Review : जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने कहा कि जनता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएगी।
- Claimed By : Insta User- anuragyadavpurvanchal
- Fact Check : भ्रामक
- Video Posted by YT@News4Nation, Dated 31 Jan 2019
- News Report by Aaj Tak, Dated 27 Jan 2019
- News Report by BBC, Dated 2 Oct 2026
- News Report by Prabhat Khabar, Dated 6 Oct 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












