X
X

Fact Check: नए साल पर कैशबैक जीतने के फर्जी क्लिप्स वायरल

फोन पे के नाम से फ्री कैशबैक और इनाम जीतने के दावे से पोस्ट शेयर हो रही है। विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल लिंक्स को फर्जी पाया। इनके साथ फिशिंग लिंक्स शेयर किए जा रहे हैं। यूजर ऐसे किसी भी लिंक्स पर क्लिक न करें। 

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Jan 3, 2025 at 10:52 AM
  • Updated: Aug 23, 2025 at 08:59 AM

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। नए साल के मौके पर सोशल मीडिया पर कैशबैक जीतने को लेकर पोस्ट वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि फ़ोन पे की तरफ से एक स्क्रैच कूपन दिया जा रहा है, जिस पर क्लिक करके 698 रुपए तक का कैशबैक जीता जा सकता है। पोस्ट में एक लिंक को भी शेयर किया जा रहा है।

ऐसे ही एक अन्य पोस्ट, जिसमें एक स्क्रैच कार्ड इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि कार्ड पर स्क्रैच करने पर इनाम प्राप्त किया जा रहा है। पोस्ट के साथ एक लिंक भी दिया गया है।

फ़ोन पे कैशबैक के नाम से एक और पोस्ट वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि फ़ोन पे की तरफ से 4250 रुपए जीते हैं। दिए गए लिंक पर क्लिक कर पैसे प्राप्त किए जा सकते हैं।  

विश्वास न्यूज ने दावे की पड़ताल की, तो पाया कि वायरल लिंक्स फर्जी हैं। लोगों के साथ धोखाधड़ी करने और उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए इन लिंक को शेयर किया जा रहा है। यह लिंक्स असली वेबसाइट के नहीं हैं। यूजर्स ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक पेज New year offer for you (आर्काइव लिंक) ने 1 जनवरी 2025 को यह पोस्ट शेयर की। इस पर फ़ोन पे का लोगो लगा हुआ है और एक लिंक शेयर किया है। पोस्ट के कैप्शन पर लिखा है,”बधाई हो नए साल की नई शुरुआत, हर स्क्रैच में खुशियों की सौगात ₹698/ तक का कैशबैक फ़ोन पे के तरफ से स्क्रैच कूपन “

फेसबुक यूजर्स Big Offersale (आर्काइव लिंक) ने भी एक पोस्ट शेयर की है और लिखा है,”अगर आप जीत गए, तो अपने इनाम को तुरंत प्राप्त करें!”

फेसबुक यूजर्स Offer Year (आर्काइव लिंक) ने एक वीडियो को शेयर किया है। दावा किया जा रहा है कि फ़ोन पे की तरफ से सभी फ़ोन पे यूजर्स को मिला रहा जादुई कैशबैक बॉक्स। जिसमें आपको मिल रहा है 4250 रुपए का फ्री कैशबैक।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले मैसेज के दिए गए लिंक्स को ध्यान से देखा। इसमें एक लिंक yearspecial.shop, scratchandwin.site और तीसरा लिंक new-year-offer.xyz का है। इससे यह साफ़ है कि  यह असली वेबसाइट के लिंक्स नहीं हैं।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल पे के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल को स्कैन किया। हालांकि, हमें ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली।

हमने वायरल पोस्ट को इंडियन साइबर आर्मी के संस्थापक किसलय चौधरी के साथ शेयर किया। उनका कहना है कि साइबर ठग इस तरह के लुभावने मैसेज भेजकर लोगों को ठगने और उनकी निजी जानकारी चुराने की कोशिश करते हैं। अगर कोई कंपनी इस तरह का कैशबैक या इनाम देती है, तो उसकी आधिकारिक वेबसाइट या सोशल मीडिया हैंडल्स पर इसकी जानकारी जरूर दी जाती है। इसलिए ऐसे लिंक्स पर क्लिक करने से पहले एक बार कंपनी की वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल को चेक करना जरूरी है। वरना आपको वित्तीय नुकसान उठाना पड़ सकता है।

हमने लिंक को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। यूजर के 414 फॉलोअर्स हैं।

विश्वास न्यूज के स्कैम सेक्शन पर ऐसे कई फर्जी दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट को पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: फोन पे के नाम से फ्री कैशबैक और इनाम जीतने के दावे से पोस्ट शेयर हो रही है। विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल लिंक्स को फर्जी पाया। इनके साथ फिशिंग लिंक्स शेयर किए जा रहे हैं। यूजर ऐसे किसी भी लिंक्स पर क्लिक न करें। 

  • Claim Review : ₹698/ तक का कैशबैक फ़ोन पे के तरफ से स्क्रैच कूपन।
  • Claimed By : फेसबुक पेज -New year offer for you
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later