X
X

Fact Check : भारत-पाक तनाव के बाद धोनी ने नहीं ज्वाइन की आर्मी, पुरानी तस्वीर फर्जी दावे के साथ वायरल 

धोनी के आर्मी ज्वाइन करने का दावा गलत है। धोनी ने आर्मी नहीं ज्वाइन की है और वो आईपीएल खेल रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो 20 मई को होने वाले चेन्नई सुपर किंग के मैच का हिस्सा हैं । आर्मी की यूनिफॉर्म पहने हुए धोनी की वायरल तस्वीर साल 2018 की है, जब वो टेरिटोरियल आर्मी की यूनिफॉर्म में पद्म भूषण अवॉर्ड  लेने के लिए पहुंचे थे।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में धोनी आर्मी की यूनिफॉर्म पहने हुए नजर आ रहे हैं। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने आईपीएल छोड़ सेना ज्वाइन कर ली है। वो पाकिस्तान के खिलाफ हुई कार्रवाई में सेना का साथ देने के लिए गये थे।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। धोनी ने आर्मी नहीं ज्वाइन की है और वो आईपीएल खेल रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो 20 मई को होने वाले चेन्नई सुपर किंग के मैच का हिस्सा हैं। आर्मी की यूनिफॉर्म पहने हुए धोनी की वायरल तस्वीर साल 2018 की है, जब वो टेरिटोरियल आर्मी की यूनिफॉर्म में पद्म भूषण अवॉर्ड लेने के लिए पहुंचे थे।

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर ‘cricket_news_127’ ने 9 मई 2025 को पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है,  “धोनी भी आर्मी में शामिल हुए।”

पोस्ट पर लिखा हुआ है, “धोनी ने ipl छोड़ के पाक के खिलाफ लड़ाई के लिए चल गया।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली। 

हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए महेंद्र सिंह धोनी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमें दावे से जुड़ी कोई पोस्ट वहां पर नहीं मिली।

पड़ताल के दौरान हमें वायरल दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट प्रभात खबर की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 12 मई 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत-पाक तनाव के कारण आईपीएल को सस्पेंड कर दिया गया था। इसके कुछ दिन बाद धोनी ट्रैवल  करते हुए नजर आये थे।

टाइम्स नाउ की वेबसाइट पर 13 मई 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “चेन्नई सुपर किंग्स के दो मुकाबले अब बाकी हैं उनमें से पहला मैच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 20 मई (मंगलवार) को शाम 7:30 बजे दिल्ली के मैदान पर होगा, जबकि उनका अंतिम मैच गुजरात टाइटंस के खिलाफ 25 मई (रविवार) को दोपहर 3:30 बजे अहमदाबाद में खेला जाएगा। धोनी दोनों ही मैचों का हिस्सा होंगे।”

सर्च के दौरान धोनी की वायरल तस्वीर हमें इंडिया डॉट कॉम की वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट को 3 अप्रैल 2018 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, महेंद्र सिंह धोनी टेरिटोरियल आर्मी की यूनिफॉर्म में पद्म भूषण अवॉर्ड  लेने के लिए पहुंचे थे।

अमर उजाला की वेबसाइट पर 31 जुलाई 2019 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “भारतीय प्रादेशिक सेना में मानद उपाधि पाए लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र सिंह धोनी श्रीनगर पहुंच गए। धोनी 15 दिन की अवधि में प्रादेशिक सेना की बटालियन के साथ पैट्रोलिंग  में हिस्सा लेंगे। धोनी की पोस्टिंग कश्मीर में विक्टर फोर्स के साथ हुई थी।”

टेरिटोरियल आर्मी के बारे में जानने के लिए हमने सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल अमरदीप त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि टेरिटोरियल आर्मी सेना का एक अहम हिस्सा है। यह देश की सुरक्षा की सेकंड लाइन के तौर पर होता है। इसमें आम लोग या फिर ऐसे लोग शामिल होते हैं, जो सेना से जुड़ना चाहते हैं। ये परमानेंट सेना में काम करने जैसा नहीं होता है। अलग-अलग पेशे से जुड़े लोग समय निकालकर इसका हिस्सा बनते हैं। यह परमानेंट ना होकर पार्ट टाइम कॉन्सेप्ट जैसा है। इसमें साल में दो महीने की अनिवार्य ट्रेनिंग लेनी पड़ती है। इसकी कई इकाइयां है, जैसे – रेलवे और चिकित्सा। वहां पर भी लोग ट्रेनिंग लेते हैं और जरूरत पड़ने पर काम करते हैं। टेरिटोरियल आर्मी से जुड़े लोगों को वॉर जैसे हालातों में बुलाया जाता है। इनका काम लड़ना नहीं, बल्कि आर्मी की मदद करना होता है। 18 से 42 साल तक के व्यक्ति ही इससे जुड़ सकते हैं। बड़े-बड़े चेहरे जैसे सचिन, पायलट और धोनी अक्सर ब्रांड एंबेसडर के तौर पर ही काम करते हैं। हालांकि, अगर ये अपनी सेवा देना चाहते हैं, तो वो दे सकते हैं।

अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर क्रिकेट से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को एक लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि धोनी के आर्मी ज्वाइन करने का दावा गलत है। धोनी ने आर्मी नहीं ज्वाइन की है और वो आईपीएल खेल रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो 20 मई को होने वाले चेन्नई सुपर किंग के मैच का हिस्सा हैं । आर्मी की यूनिफॉर्म पहने हुए धोनी की वायरल तस्वीर साल 2018 की है, जब वो टेरिटोरियल आर्मी की यूनिफॉर्म में पद्म भूषण अवॉर्ड  लेने के लिए पहुंचे थे।

  • Claim Review : धोनी ने आईपीएल छोड़कर आर्मी ज्वाइन कर ली है।
  • Claimed By : Inst user cricket_news_127
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later