Fact Check: यूपी के सहारनपुर में लड़की से छेड़छाड़ के आरोपी चक्की मालिक को लेकर गलत दावा वायरल
सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र में लड़की से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले के आरोपी चक्की मालिक को लेकर सोशल मीडिया पर गलत दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Sep 11, 2025 at 05:40 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में हाल ही में लड़की से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। उस मामले से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया गया है कि लड़की से छेड़छाड़ का आरोपी चक्की मालिक मुस्लिम है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि आरोपी चक्की मालिक को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। आरोपी मुस्लिम नहीं, बल्कि हिंदू है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर ‘पूनम हिन्दुस्तानी’ ने 10 सितंबर को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक मामला आया है। मामला सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। चक्की मालिक ने बच्ची के साथ छेड़छाड़ की और जबरन गोदी में उठाकर अंदर ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश की। चक्की मालिक मुस्लिम बताया जा रहा है, सहारनपुर पुलिस ने घटना का संज्ञान लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपी को पकड़ा नहीं गया है। आसमानी किताब का पूरा असर है बुढढे दिमाग पर”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले सहारनपुर पुलिस का एक्स हैंडल स्कैन किया। 8 सितंबर को इस मामले में सीओ सदर मनोज कुमार का वीडियो बयान अपलोड किया गया है। इसके अनुसार, 8 सितंबर को फतेहपुर थाना अंतर्गत क्षेत्र का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ कर रहा है। पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।
दैनिक जागरण के सहारनपुर संस्करण में 9 सितंबर को छपी खबर के मुताबिक, आटा पिसवाने गई लड़की से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इसमें 70 वर्षीय आरोपी का नाम अजमेर दिया गया है।

दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 10 सितंबर को छपी खबर के अनुसार, सहारनपुर में 70 साल के रिटायर टीचर पर नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। रात को हुई मोहल्ले की पंचायत में आरोपी के रिश्तेदार ने उसको थप्पड़ मारे थे। आरोपी ने नाबालिग को झाड़ू लगाने के बहाने चक्की पर बुलाया था। खबर में आरोपी चक्की मालिक का नाम अजमेर सिंह लिखा हुआ है। वारदात के दौरान लोगों ने आरोपी की पिटाई की थी। लोगों का गुस्सा देखकर आरोपी वहां से भाग गया था।

इस बारे में हमने सहारनपुर के फतेहपुर थाना प्रभारी विनय शर्मा से संपर्क किया। उनका कहना है कि आरोपी चक्की मालिक का नाम अजमेर सिंह है और वह हिंदू है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
वीडियो को सांप्रदायिक रंग देने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। दिल्ली की रहने वाली यूजर के 9 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र में लड़की से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले के आरोपी चक्की मालिक को लेकर सोशल मीडिया पर गलत दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : सहारनपुर में लड़की से छेड़छाड़ का आरोपी चक्की मालिक मुस्लिम है।
- Claimed By : FB User- पूनम हिन्दुस्तानी
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












